आबकारी कांस्टेबल परीक्षा : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग पीईटी मानदंडों को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज की

Update: 2022-08-31 17:12 GMT

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड आबकारी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा (U.P. Subordinate Service Selection Board Excise Constable recruitment exam) के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET)के लिए अलग-अलग मानदंडों को चुनौती देने वाली दो याचिकाओं को खारिज कर दिया।

जस्टिस सौरभ श्याम शमशेरी की पीठ ने कहा कि शारीरिक दक्षता में पुरुषों और महिलाओं का वर्गीकरण मनमाना नहीं है और इसलिए पुरुषों और महिलाओं के बीच भेदभाव का आरोप निराधार है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

पीठ ने देखा,

"वर्तमान भर्ती में महिलाओं को भारी संख्या में सफलता मिली है और ऐसा प्रतीत होता है कि असफल पुरुष उम्मीदवार इस तथ्य का सामना करने में सक्षम नहीं हैं कि महिलाओं ने उन्हें योग्यता में कम कर दिया है। यह 'पुरुष वर्चस्व' का एक उदाहरण है जो बीसवीं सदी में अस्वीकार्य है। "

संक्षेप में मामला

याचिकाकर्ताओं (सभी पुरुष उम्मीदवारों) ने यूपी अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसरण में उत्तर प्रदेश सीधी भर्ती से ग्रुप 'सी' पद (मोड एंड प्रोसिजर) नियम: 2015 के तहत निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार 'आबकारी कांस्टेबल' के पद पर भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया।

याचिकाकर्ता जो ओबीसी समुदाय से थे, शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे, हालांकि, इस आशंका में कि उन्हें अंतिम मेरिट सूची में नहीं चुना जाएगा, उन्होंने 10 मार्च, 2022 को वर्तमान याचिका दायर की और उसके तुरंत बाद 15 मार्च 2022 को अंतिम परिणाम घोषित किया गया और उन्हें मेरिट सूची में जगह नहीं मिली।

उनकी याचिका में यूपी सरकार को पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में चयन के लिए नए मानदंड को फिर से तय करने का निर्देश देने की मांग की गई थी, जिसे दोनों प्रकार के उम्मीदवारों को स्वीकार्य अनुपात में चुना जा सके या वैकल्पिक रूप से उत्तरदाताओं को निर्देशित किया जा सके। चयन का एक और मानदंड तय करने की मांग की गई जो आबकारी कांस्टेबल के चयन में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों के अंतर को संतुलित कर सकता है।

यह तर्क दिया गया कि शारीरिक दक्षता परीक्षणों के लिए उनके संबंधित मानदंड के संबंध में पुरुष और महिला उम्मीदवारों के बीच भेदभाव है और महिला उम्मीदवारों के लिए पुरुष उम्मीदवारों की तुलना में अधिक अंक प्राप्त करना तुलनात्मक रूप से आसान है और चूंकि एक समेकित योग्यता सूची तैयार की गई है, जहां महिला उम्मीदवार 143 सीटों की बड़ी संख्या चयनित होकर पुरुष उम्मीदवारों से आगे निकल गईं, जो उनके लिए आरक्षित कोटे (81 सीट) से बहुत अधिक है।

यह आगे प्रस्तुत किया गया कि पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग मापदंड के मामले में पुरुषों और महिलाओं के लिए एक अलग मेरिट सूची होनी चाहिए और चयनित महिला उम्मीदवारों की संख्या उनके आरक्षित कोटे यानी 81 सीटों तक सीमित होनी चाहिए और इससे अधिक नहीं होनी चाहिए। .

उन्होंने कहा कि सामान्य समेकित योग्यता सूची ने मनमानी को जन्म दिया और इसने पुरुष उम्मीदवारों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला जैसे कि याचिकाकर्ता जो अंतिम चयन सूची में जगह पाने में सक्षम नहीं रहे, जबकि महिला उम्मीदवारों ने लाभ उठाया, इसलिए, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन किया गया।

न्यायालय की टिप्पणियां

कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया में खुली आंखों से भाग लिया था, उन्हें पुरुषों और महिलाओं के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण के विभिन्न मानदंडों का पूरा ज्ञान था।

कोर्ट ने आगे कहा कि इस मुद्दे पर कानून के मद्देनजर, कोर्ट ने माना कि याचिकाकर्ताओं को भर्ती प्रक्रिया चुनौती देने से रोका जाता है। पुरुषों और महिलाओं के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण अलग-अलग होने के बाद भी याचिकाकर्ताओं ने खुली आंखों से इसमें भाग लिया।

इसके अलावा, कोर्ट ने देखा कि शारीरिक दक्षता परीक्षण के मानदंड में अंतर एक पुरुष और एक महिला की शारीरिक शक्ति पर आधारित है क्योंकि कई शोध पत्रों में यह सामने आया है कि एक सामान्य स्थिति में एक पुरुष में महिला समकक्ष की तुलना में अधिक शारीरिक शक्ति होती है।

कोर्ट ने आगे कहा,

"शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए महिला के मानदंड को चुनौती देने का तर्क न केवल बिना किसी कानूनी आधार के है, बल्कि महिला सशक्तिकरण के खिलाफ भी है।"

इस संबंध में कोर्ट ने कहा,

" हाल ही में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुष और महिला के बीच 200 मीटर की दौड़ में सबसे तेज दौड़ने के समय का अंतर था, यानी पुरुष स्वर्ण पदक विजेता के लिए यह 19.08 सेकंड था, जबकि महिला स्वर्ण पदक विजेता के लिए यह अंतर 22.02 सेकंड था।

इसी तरह, लंबी कूद में, स्वर्ण पदक विजेता (पुरुष) ने 8.41 मीटर की छलांग लगाई थी, जबकि स्वर्ण पदक विजेता (महिला) ने 7.00 मीटर की छलांग लगाई थी, यानी पुरुष एथलीट से कम। क्रिकेट में भी जब महिलाएं खेलती हैं तो मैदान का क्षेत्रफल पुरुष खिलाड़ी के लिए मैदान के क्षेत्रफल से कम होता है।"

उपरोक्त चर्चाओं को ध्यान में रखते हुए, पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए उनके संबंधित शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए अलग-अलग मानदंडों के खिलाफ तर्क न केवल निराधार हैं, बल्कि अनुचित भी है, इसलिए, उनके आरक्षित कोटे के 20% से अधिक महिला उम्मीदवारों का चयन किया गया, वह मनमाना या गलत नहीं पाया गया।

केस टाइटल - प्रमोद कुमार सिंह और 5 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य और 11 अन्य के साथ संबंधित याचिका [रिट - नंबर 4225/2022]

आदेश की प्रति डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें




Tags:    

Similar News