नाइटक्लब लाइसेंस फर्जीवाड़ा मामला: गोवा कोर्ट ने लूथरा बंधुओं को दी जमानत
गोवा के मजिस्ट्रेट कोर्ट ने नाइटक्लब लाइसेंस से जुड़े कथित NOC फर्जीवाड़ा मामले में सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जमानत दी। दोनों अब कोलवाले सेंट्रल जेल से रिहा होंगे।
यह मामला उत्तरी गोवा के अर्पोरा स्थित चर्चित नाइटक्लब बर्च बाय रोमियो लेन से जुड़ा है, जहां शराब परोसने के लिए एक्साइज लाइसेंस हासिल करने में कथित रूप से NOC और स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षर फर्जी बनाए गए।
अभियोजन के अनुसार लूथरा बंधुओं पर जालसाजी के साथ-साथ आपराधिक साजिश के आरोप भी लगाए गए। हालांकि अदालत के विस्तृत आदेश की प्रति अभी उपलब्ध नहीं हुईं।
गौरतलब है कि इससे पहले इसी नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड मामले में भी लूथरा बंधुओं को पिछले सप्ताह नियमित जमानत मिल चुकी है। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल थे, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।
घटना के बाद दोनों आरोपी थाईलैंड फरार हो गए थे। बाद में इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू नोटिस जारी किया, जिसके बाद उन्हें भारत लाकर गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि 27 मार्च को मापुसा की सेशन कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज की थी। इसके बावजूद अब मजिस्ट्रेट अदालत से उन्हें राहत मिल गई।
फिलहाल, इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।