BREAKING| सुप्रीम कोर्ट में 5 जजों की नियुक्ति को हरी झंड़ी: 4 हाईकोर्ट चीफ जस्टिस और एक सीनियर वकील शामिल

Update: 2026-06-01 03:27 GMT

केंद्र सरकार ने पांच लोगों को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाए जाने की अधिसूचना जारी की। इनमें हाईकोर्ट के चार मौजूदा चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली सीनियर वकील वी. मोहना शामिल हैं।

यह सिफारिश 22 और 27 मई को हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठकों में की गई।

नियुक्ति के लिए जिन नामों को मंज़ूरी दी गई, वे इस प्रकार हैं:

1. जस्टिस शील नागू, जो अभी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।

2. जस्टिस श्री चंद्रशेखर, बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।

3. जस्टिस संजीव सचदेवा, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।

4. जस्टिस अरुण पल्ली, जम्मू-कश्मीर एंड लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।

5. सीनियर एडवोकेट वी. मोहना।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज (सोमवार) सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए इन नियुक्तियों की घोषणा की।

सीनियर वकील वी. मोहना की नियुक्ति से सुप्रीम कोर्ट में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। अभी कोर्ट में सिर्फ़ एक महिला जज हैं, जस्टिस बीवी नागरत्ना। अगस्त 2021 के बाद से सुप्रीम कोर्ट में किसी भी महिला को जज नियुक्त नहीं किया गया।

हाल ही में, सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाकर 38 (CJI सहित) की गई, जिसमें 4 की बढ़ोतरी की गई। अभी कोर्ट में 32 जज हैं। जून में जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस पंकज मित्तल के रिटायर होने के बाद जल्द ही दो और पद खाली हो जाएंगे।

Tags:    

Similar News