इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि विभागीय जांच का सामना कर रहे कर्मचारी पर दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने से हुए नुकसान को साबित करने का असंभव बोझ नहीं डाला जा सकता। खासकर तब, जब आरोपों का बचाव करने के लिए जरूरी दस्तावेज नियोक्ता के विशेष नियंत्रण और अभिरक्षा में हों।

जस्टिस इरशाद अली ने कहा कि ऐसे मामलों में कर्मचारी को हुए नुकसान का आकलन आरोपों की प्रकृति और रोके गए दस्तावेजों को समग्र रूप से देखते हुए किया जाना चाहिए। प्रत्येक प्रक्रियागत कमी को अलग-अलग करके उसका मूल्यांकन नहीं किया जा सकता।

अदालत ने कहा,

“नुकसान साबित करने की आवश्यकता को कर्मचारी पर असंभव बोझ में नहीं बदला जा सकता, खासकर तब जब आरोपों को साबित या खारिज करने के लिए जरूरी दस्तावेज नियोक्ता की विशेष अभिरक्षा और नियंत्रण में हों।”

याचिकाकर्ता ने 1968 में तत्कालीन यूनाइटेड कमर्शियल बैंक में क्लर्क के रूप में नौकरी शुरू की और बाद में मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड-सी (स्केल-II) तक पहुंचे। जनवरी 2001 में उन्होंने यूको बैंक कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना, 2000 के तहत आवेदन किया। बैंक ने 16 जून 2001 को उनका आवेदन स्वीकार कर लिया और 30 जून 2001 से कार्यमुक्त करने का निर्णय लिया। हालांकि, प्रशासनिक जरूरतों के कारण उनकी कार्यमुक्ति की तारीख एक महीने बढ़ा दी गई।

इसके बाद उनका तबादला गोमती नगर शाखा से क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ कर दिया गया। 16 जुलाई 2001 को उन्हें निलंबित कर दिया गया और 23 जुलाई 2001 को बिना कारण बताओ नोटिस या सुनवाई का अवसर दिए उनकी स्वैच्छिक रिटायरमेंट रद्द कर दी गई। इसके बाद 27 दिसंबर 2001 को उनके खिलाफ आरोपपत्र जारी किया गया, जिसमें शाखा प्रबंधक/वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पांच आरोप और 12 आरोप संबंधी विवरण शामिल थे।

28 जून 2003 को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। साथ ही 1,44,616 रुपये की वसूली का आदेश दिया गया। उनकी वैधानिक अपील 12 दिसंबर 2003 को खारिज कर दी गई। इसके बाद उन्होंने 2004 में हाईकोर्ट का रुख किया। उनका कहना था कि आरोप अस्पष्ट थे, मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, जांच केवल एक गवाह के बयान पर आधारित थी और उन्हें प्रभावी ढंग से उससे जिरह करने का अवसर भी नहीं दिया गया। उन्होंने सजा को भी अनुपातहीन बताया।

बैंक ने दलील दी कि योजना के खंड 5.2(सी) के तहत ऐसे कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के पात्र नहीं होते, जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित हो या प्रस्तावित हो अथवा जिन्हें निलंबित किया गया हो। बैंक के अनुसार, याचिकाकर्ता को वास्तव में कार्यमुक्त नहीं किया गया और कार्यमुक्ति की बढ़ाई गई तारीख से पहले उनका निलंबन हो गया। इसलिए वह योजना के तहत पात्र नहीं रह गए। बैंक ने यह भी कहा कि निलंबन और स्वैच्छिक रिटायरमें रद्द करने के आदेशों को अलग से चुनौती नहीं दी गई, इसलिए वे अंतिम हो चुके हैं।

हाईकोर्ट ने पाया कि जिस तारीख को याचिकाकर्ता का स्वैच्छिक रिटायरमेंट आवेदन स्वीकार किया गया, उस दिन न तो उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित थी या प्रस्तावित थी और न ही वह निलंबित थे। इसलिए खंड 5.2(सी) के तहत अपात्रता की स्थिति उस तारीख को मौजूद नहीं थी।

अदालत ने कहा कि बैंक ने यह नहीं दिखाया कि स्वैच्छिक रिटायरमेंट की स्वीकृति किसी शर्त के अधीन थी। उसने कार्यमुक्ति की तारीख बढ़ाने और निलंबन के तुरंत बाद रिटायरमेंट रद्द करने का कारण भी स्पष्ट नहीं किया।

पीठ ने कहा,

“बाद की घटनाओं का इस्तेमाल किसी उचित कानूनी आधार के बिना पिछली तारीख से यह साबित करने के लिए नहीं किया जा सकता कि जिस दिन कर्मचारी का अनुरोध स्वीकार किया गया, उस दिन वह अपात्र था।”

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि स्वैच्छिक रिटायरमेंट रद्द करने के आदेश को विशेष रूप से चुनौती नहीं दी गई, इसलिए उसे निरस्त नहीं किया जा सकता। हालांकि, बैंक उस आदेश के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई को उचित नहीं ठहरा सकता, जब तक यह न दिखाए कि वह योजना के अनुरूप था।

विभागीय जांच के संबंध में अदालत ने पाया कि याचिकाकर्ता ने 26 सितंबर 2002 को मूल रिकॉर्ड का निरीक्षण किया था। लेकिन 27 नवंबर 2002 को शाखा प्रबंधक ने जांच अधिकारी को पत्र लिखकर दर्ज किया कि पत्राचार फाइल, खाता खोलने के फॉर्म, हस्ताक्षर कार्ड और बचत बैंक वाउचर उन्हें नहीं दिखाए गए।

अदालत ने कहा कि चूंकि आरोप खाते खोलने और उनके संचालन से संबंधित थे, इसलिए ये दस्तावेज सीधे तौर पर यह निर्धारित करने के लिए महत्वपूर्ण थे कि संबंधित लेनदेन याचिकाकर्ता से जुड़े थे या नहीं।

कर्मचारी को वास्तविक नुकसान साबित न कर पाने की बैंक की दलील खारिज करते हुए अदालत ने कहा,

“इस मामले में हुआ नुकसान केवल काल्पनिक नहीं है। आरोपों की प्रकृति और उन विशिष्ट दस्तावेजों से यह स्पष्ट है, जिन्हें रोका गया या निरीक्षण के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया।”

अदालत ने कहा कि विभागीय कार्यवाही में साक्ष्य अधिनियम के कठोर नियम लागू नहीं होते और उचित मामले में एक गवाह के बयान से भी कदाचार साबित हो सकता है। हालांकि, जांच अधिकारी के लिए उस गवाह की विश्वसनीयता और किसी सहायक साक्ष्य की मौजूदगी की जांच करना जरूरी है।

पीठ ने पाया कि ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं था जिससे पता चले कि याचिकाकर्ता की इस संबंध में उठाई गई आपत्तियों पर विचार किया गया या उन्हें प्रभावी ढंग से जिरह का अवसर दिया गया। जांच अधिकारी ने पांच आरोपों और 12 आरोप संबंधी विवरणों के बीच भी कोई स्पष्ट संबंध स्थापित नहीं किया। यह भी नहीं बताया कि कौन से आरोप साबित हुए, कौन से आंशिक रूप से साबित हुए और कौन से साबित नहीं हुए।

अदालत ने कहा,

“जांच अधिकारी का दायित्व जांच करना था, न कि केवल याचिकाकर्ता का स्पष्टीकरण लेकर नियोक्ता द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर निष्कर्ष दर्ज कर देना।”

पीठ ने यह भी कहा,

“अनुशासनात्मक प्राधिकारी से जांच अधिकारी के निष्कर्षों पर केवल मुहर लगाने की अपेक्षा नहीं की जाती।”

अदालत के अनुसार, सजा तय करते समय अनुशासनात्मक प्राधिकारी कर्मचारी के पिछले सेवा रिकॉर्ड पर भरोसा नहीं कर सकता, जब तक उस सामग्री को पहले कर्मचारी के सामने न रखा जाए। अपीलीय प्राधिकारी ने भी यह स्वीकार किया था कि अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने महत्वपूर्ण तथ्यों पर विचार नहीं किया, लेकिन इसके बावजूद यूको बैंक कर्मचारी (अनुशासन एवं अपील) विनियम, 1976 के तहत वैधानिक अपील खारिज कर दी। उसने इस चूक के प्रभाव की जांच नहीं की।

पीठ ने कहा,

“कारणों के बिना या संक्षिप्त रूप में पारित अपीलीय आदेश प्रभावित कर्मचारी को यह भरोसा नहीं देता कि उसके वैधानिक उपाय पर वास्तव में विचार किया गया है। ऐसा आदेश निर्णय प्रक्रिया की प्रभावी न्यायिक समीक्षा को भी बाधित करता है।”

अदालत ने यूनाइटेड कमर्शियल बैंक के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक बनाम पीसी कक्कड़ मामले में दिए गए फैसले को अलग मानते हुए कहा कि न्यायिक समीक्षा का सीमित दायरा अनुशासनात्मक आदेशों को प्रक्रियागत अनियमितता से सुरक्षा नहीं देता। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह साक्ष्यों का दोबारा मूल्यांकन नहीं कर रहा, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया की वैधता की जांच कर रहा है।

हाईकोर्ट ने कहा कि चूंकि कदाचार के निष्कर्ष ही कानूनी रूप से दूषित हो गए, इसलिए 1,44,616 रुपये की वसूली का आदेश भी स्वतंत्र रूप से कायम नहीं रह सकता।

इस आधार पर अदालत ने रिट याचिका स्वीकार करते हुए बर्खास्तगी आदेश, अपीलीय आदेश और वसूली का निर्देश रद्द किया। साथ ही, पहले से वसूली गई किसी भी राशि को वापस करने का निर्देश दिया।

बैंक को निर्देश दिया गया कि वह लागू सेवा विनियमों और स्वैच्छिक रिटायरमेंट योजना, 2000 के तहत याचिकाकर्ता की पात्रता पर कारणयुक्त आदेश पारित करे। इस दौरान 16 जून 2001 को स्वैच्छिक रिटायरमेंट की स्वीकृति, कार्यमुक्ति की तारीख बढ़ाए जाने और 23 जुलाई 2001 को स्वीकृति रद्द किए जाने के आदेश पर विचार किया जाए। बैंक यह भी तय करे कि याचिकाकर्ता को किस तारीख से सेवा से मुक्त माना जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया फैसले की प्रमाणित प्रति प्रस्तुत किए जाने के तीन महीने के भीतर पूरी करनी होगी।

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: