इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 33 के तहत उत्तराधिकार के आधार पर नामांतरण (म्यूटेशन) के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द 'कब्जे' का अर्थ कानूनी कब्जा है, न कि जमीन पर वास्तविक और भौतिक कब्जा।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब किसी खातेदार की मृत्यु के बाद जमीन कानून के तहत उसके वारिस को मिलती है तो वह कानून की नजर में जमीन के कब्जे में माना जाएगा, भले ही वह खुद उस पर खेती न कर रहा हो या वहां रह न रहा हो।

जस्टिस क्षितिज शैलेंद्र ने उत्तराधिकार के आधार पर नामांतरण के लिए कब्जे के अर्थ पर विचार करते हुए कहा कि धारा 33 में 'वास्तविक और भौतिक कब्जे' जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया गया। इसलिए, जब कोई व्यक्ति खातेदार की मृत्यु के कारण जमीन पर अधिकार प्राप्त करने का दावा करता है तो 'कब्जे' का अर्थ केवल कानूनी कब्जा समझा जाना चाहिए।

कोर्ट ने कहा कि विधायिका ने जानबूझकर 'वास्तविक कब्जा' या 'भौतिक कब्जा' जैसे विशेषणों को प्रावधान में शामिल नहीं किया। ऐसे में जिस शर्त को विधायिका ने लगाने से परहेज किया, उसे अदालत धारा में शामिल नहीं कर सकती।

मामले में याचिकाकर्ता अनिल कुमार पाठक के भाई हैं, जिनकी दिसंबर 2016 में मृत्यु हो गई। मई 2017 में निर्विवाद उत्तराधिकार के आधार पर पीए प्रविष्टि के जरिए राजस्व अभिलेखों में याचिकाकर्ताओं के नाम दर्ज कर दिए गए। इसके बाद प्रतिवादी नंबर 5 ने मृतक का बेटा होने का दावा करते हुए तहसीलदार के समक्ष आवेदन किया। तहसीलदार ने पहले की प्रविष्टि रद्द कर उसे मृतक का पुत्र मानते हुए उसका नाम दर्ज किया।

याचिकाकर्ताओं की अपील पर मामला वापस भेजा गया, लेकिन तहसीलदार ने 13 फरवरी, 2026 को फिर प्रतिवादी के पक्ष में आदेश पारित किया। अपील और पुनरीक्षण में भी यह आदेश बरकरार रहा।

हाईकोर्ट के समक्ष याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि स्वामित्व और उत्तराधिकार से जुड़े जटिल सवालों का फैसला नामांतरण की कार्यवाही में नहीं किया जा सकता। इसलिए राजस्व अधिकारियों ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर आदेश पारित किए। साहेद जान उर्फ बोंडे, श्रीमती कलावती, अमर नाथ अरोड़ा और श्रीमती हदीसुल निशा के फैसलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराधिकार के आधार पर नामांतरण का फैसला केवल कब्जे के आधार पर होना चाहिए और प्रतिवादी नंबर 5 का जमीन पर कभी वास्तविक या भौतिक कब्जा नहीं रहा।

हाईकोर्ट ने पाया कि प्रतिवादी नंबर 5 का नाम वर्ष 2001 में स्कूल में दाखिला लेते समय अनिल कुमार पाठक और शीला पाठक के बच्चे के रूप में दर्ज किया गया। अनिल कुमार पाठक ने जीवन बीमा पॉलिसी में नामांकन और अपने बैंक खाते में भी उसे अपना पुत्र बताया था।

कोर्ट ने वास्तविक कब्जे और कानूनी कब्जे के बीच अंतर स्पष्ट किया। वास्तविक कब्जे का अर्थ है संपत्ति पर किसी व्यक्ति का भौतिक नियंत्रण, चाहे कानून उसे ऐसा करने का अधिकार देता हो या नहीं। इसके विपरीत, कानूनी कब्जा किसी वैधानिक अधिकार या कानूनी स्थिति से उत्पन्न होता है।

कोर्ट ने कहा कि यदि वास्तविक और भौतिक कब्जे को ही निर्णायक तथा एकमात्र आधार मान लिया जाए तो जमीन पर शारीरिक रूप से मौजूद उत्तराधिकारी ही नामांतरण पाने का हकदार होगा और मृतक की संपत्ति में समान रूप से उत्तराधिकार पाने वाले अन्य वैध वारिस इससे वंचित हो जाएंगे।

हाईकोर्ट ने पाया कि तहसीलदार, उप-जिलाधिकारी और आयुक्त ने अपने समक्ष मौजूद दस्तावेजों पर स्वतंत्र रूप से विचार किया और अपने अधिकार क्षेत्र के भीतर रहकर आदेश पारित किए। इसलिए कोर्ट ने हस्तक्षेप करने से इनकार किया।

कोर्ट ने यह भी बताया कि संहिता की धारा 39 के तहत जमीन पर अधिकार धारा 144 के अंतर्गत मुकदमा दायर कर स्थापित किए जा सकते हैं। नामांतरण का आदेश हमेशा सक्षम अदालत द्वारा नियमित कार्यवाही में दिए गए फैसले के अधीन रहता है।

हाईकोर्ट ने याचिका का निस्तारण करते हुए स्पष्ट किया कि यदि याचिकाकर्ता राजस्व अदालत या सिविल कोर्ट में नियमित कार्यवाही के दौरान यह साबित कर देते हैं कि प्रतिवादी नंबर 5 कानून की नजर में मृतक का उत्तराधिकारी नहीं है, तो चुनौती दिए गए आदेश उस निष्कर्ष के अधीन होंगे।

अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: