सबसे ऊंची बोली लगाने वाले का सरकारी अनुबंध पर कोई पक्का अधिकार नहीं होता, वह केवल निष्पक्ष व्यवहार का हकदार: इलाहाबाद हाईकोर्ट
Shahadat
23 Nov 2026 9:10 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक निविदा (टेंडर) में बोली लगाने वाले व्यक्ति का भले ही उसे सबसे ऊंची बोली लगाने वाला (Highest Bidder) माना गया हो, समानता, निष्पक्ष व्यवहार और बातचीत (Negotiation) के अधिकार के अलावा कोई अन्य अधिकार नहीं होता। साथ ही उसके द्वारा लगाई गई बोली को तब तक लागू नहीं किया जा सकता, जब तक कि वह एक औपचारिक अनुबंध (Formal Contract) में न बदल जाए।
अदालत ने कहा कि जब तक सक्षम प्राधिकारी बोली को अंतिम रूप से स्वीकार करने का आदेश जारी नहीं कर देते, तब तक अनुबंध पूरा होने का कोई पक्का अधिकार नहीं बनता।
यह बात एक ऐसे बोलीदाता पर लागू हुई, जो तकनीकी रूप से 'सबसे कम बोली लगाने वाला' (L-1) बन गया, क्योंकि जिसे पहले L-1 घोषित किया गया, उसका तकनीकी टेंडर (Technical Bid) काम का आदेश (Work Order) जारी होने के बाद अमान्य (Non-Responsive) पाया गया।
अदालत ने कहा कि ऐसे बोलीदाता को केवल बातचीत करने का अधिकार मिलता है। चूंकि उसने L-1 दर पर काम करने से इनकार कर दिया, इसलिए वह बाद में टेंडर रद्द किए जाने को चुनौती नहीं दे सकता।
जस्टिस प्रकाश पाडिया और जस्टिस इंद्रजीत शुक्ला की खंडपीठ ने कहा,
"सबसे ऊंची बोली लगाने वाले के पास समानता, निष्पक्ष व्यवहार और बातचीत करने के सीमित अधिकार होते हैं; उसके द्वारा लगाई गई बोली को तब तक लागू नहीं किया जा सकता, जब तक कि वह एक औपचारिक अनुबंध या समझौते में न बदल जाए।"
याचिकाकर्ता एक फर्म है, जो उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में ठेकेदार के रूप में खाद्यान्न (अनाज) के परिवहन का काम करती है। इसने बस्ती मंडल के संभागीय खाद्य नियंत्रक द्वारा 08.09.2026 को जारी अल्पकालिक ई-टेंडर नोटिस के तहत सिद्धार्थ नगर जिले के बंसी और उसका बाजार ब्लॉक में गोदामों से उचित मूल्य की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए बोली लगाई। यह तीसरा दौर था; इससे पहले 35 और फिर 25 ब्लॉकों के लिए निकाले गए टेंडर, प्रतिस्पर्धा की कमी के कारण तकनीकी बोली के चरण में ही रद्द कर दिए गए।
तीन ठेकेदारों ने बोली लगाई। 14.09.2026 को तीनों की तकनीकी बोलियां सही (Responsive) पाई गईं और 22.09.2026 को वित्तीय बोलियां खोली गईं। इसमें 'मैसर्स हमारा पंप इतवा फ्यूल सेंटर' को L-1 (सबसे कम बोली लगाने वाला), याचिकाकर्ता को L-2 और 'मैसर्स ओम ट्रेडर्स' को L-3 घोषित किया गया। 23.09.2026 को M/s हमारा पंप को वर्क ऑर्डर जारी किया गया।
इस शिकायत पर कि M/s हमारा पंप द्वारा पेश किया गया वाहन पेट्रोलियम उत्पादों को ले जाने की अनुमति वाले टैंकर के रूप में पंजीकृत था, इसलिए यह टेंडर नोटिस में तय मानकों को पूरा नहीं करता था, 26.09.2026 को उस वर्क ऑर्डर को रद्द कर दिया गया। M/s हमारा पंप ने इस रद्दीकरण को कभी चुनौती नहीं दी।
इसके बाद डिविजनल फूड कंट्रोलर ने याचिकाकर्ता और M/s ओम ट्रेडर्स से कहा कि वे M/s हमारा पंप द्वारा दी गई दर पर काम करें। इसके लिए 28.09.2026 तक अपनी सहमति दें। याचिकाकर्ता ने यह कहते हुए मना कर दिया कि तकनीकी बोली (टेक्निकल बिड) के अयोग्य होने का मतलब है कि M/s हमारा पंप की वित्तीय बोली (फाइनेंशियल बिड) खोली ही नहीं जानी चाहिए; इसलिए उसकी अपनी बोली को ही उसकी दी गई दर पर L-1 माना जाना चाहिए। M/s ओम ट्रेडर्स ने भी सहमति देने से इनकार किया। 29.09.2026 को टेंडर रद्द कर दिया गया और एक नया नोटिस जारी किया गया।
हाईकोर्ट के समक्ष याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि M/s हमारा पंप की तकनीकी बोली शुरुआत से ही अयोग्य थी, इसलिए उनकी वित्तीय बोली खोलने का कोई सवाल ही नहीं उठता। साथ ही अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के मामलों में किसी भी पक्ष को उसी बोली प्रक्रिया में किसी प्रतिद्वंद्वी द्वारा दी गई कीमत पर काम करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि नए नोटिस का पत्र क्रमांक 1386 था और रद्दीकरण आदेश का पत्र क्रमांक 1387 था। इससे पता चलता है कि नया नोटिस पुराने टेंडर के रद्द होने से पहले ही तैयार कर लिया गया, जो पहले से तय मनसा (Prejudged and Premeditated Mind) को दर्शाता है।
राज्य के वकील ने कहा कि टेंडर रद्द करने और दोबारा टेंडर जारी करने की प्रक्रिया 'उत्तर प्रदेश प्रोक्योरमेंट मैनुअल' के अनुसार थी। उन्होंने बताया कि जब M/s हमारा पंप की तकनीकी बोली अयोग्य पाई गई तो याचिकाकर्ता को बातचीत (नेगोशिएशन) का मौका दिया गया, लेकिन याचिकाकर्ता ने इसके बजाय अधिकारियों पर अपनी कीमत स्वीकार करने के लिए दबाव डालने की कोशिश की।
याचिकाकर्ता ने संत कबीर नगर जिले के ब्लॉक नाथ नगर का उदाहरण देते हुए समानता का दावा किया, जहां L-1 बोलीदाता को अयोग्य पाया गया और बातचीत के बाद अनुबंध L-2 बोलीदाता को दे दिया गया। अदालत ने इस दावे को गलत माना, क्योंकि दोनों मामले पूरी तरह से अलग थे: पहले मामले में वर्क ऑर्डर जारी होने से पहले ही अयोग्यता का पता चल गया और L-2 बिडर ने L-1 दर (और बाद में निर्धारित दर) पर काम करने के लिए सहमति दी थी। जबकि 'ब्लॉक बंसी' के मामले में यह बात वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद सामने आई और याचिकाकर्ता ने सहमति देने से इनकार किया।
कहा गया,
"कानून किसी भी बिडर/ठेकेदार को यह अधिकार नहीं देता कि वह दूसरी पार्टी को अपनी प्रस्तावित दर स्वीकार करने के लिए मजबूर करे, जब तक कि कोई औपचारिक अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) न हो जाए। इसलिए, याचिकाकर्ता के पास कोई कानूनी या लागू करने योग्य वैधानिक अधिकार नहीं है।"
पत्रों के नंबरों के संबंध में अदालत ने कहा कि दोनों फैसले एक ही तारीख को लिए गए। ऐसा लगता है कि नंबर आपस में बदल गए और यह गलती अनजाने में हुई। इसलिए केवल सीरियल नंबरों के आधार पर पक्षपात का आरोप लगाना बेबुनियाद है।
हालांकि, अदालत ने आगे यह भी कहा,
“हालांकि, टेंडर प्रक्रिया में निष्पक्षता होनी चाहिए, खासकर तब जब राज्य (सरकार) इसमें एक पक्ष हो। इसलिए राज्य के अधिकारियों को भविष्य में सावधान रहने की सलाह दी जाती है।”
'यू.पी. आवास एवं विकास परिषद बनाम ओम प्रकाश शर्मा' मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वतः संज्ञान लेते हुए (जिसका जिक्र किसी भी पक्ष ने नहीं किया), कोर्ट ने कहा कि भले ही याचिकाकर्ता को सबसे ऊंची बोली लगाने वाला (Highest Bidder) मान लिया जाए। फिर भी उसे केवल पारदर्शी मूल्यांकन और निष्पक्ष व्यवहार का अधिकार है, जिसमें कोई छिपा हुआ एजेंडा न हो। साथ ही, जब तक सक्षम प्राधिकारी किसी बोली को अंतिम रूप से स्वीकार नहीं कर लेते, तब तक कोई पक्का अनुबंध (Contract) नहीं बनता। इस संदर्भ में 'इंडियन कॉन्ट्रैक्ट एक्ट' की धारा 4 को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए, जो यह बताती है कि कोई सूचना या प्रस्ताव कब पूरा माना जाता है।
याचिकाकर्ता की स्थिति पर आते हुए कोर्ट ने कहा:
“L-2 (याचिकाकर्ता) वास्तव में L-1 की स्थिति में था। लेकिन सबसे ऊंची बोली लगाने वाला होने के बावजूद, उसे वर्क ऑर्डर पाने का कोई पक्का अधिकार नहीं मिल जाता। उसे केवल बातचीत (Negotiation) करने का अधिकार है, जो 'प्राकृतिक न्याय' (Natural Justice) के सिद्धांतों का ही एक हिस्सा है। याचिकाकर्ता को 26.09.2026 के पत्र के जरिए यह मौका दिया गया, लेकिन उसने दरों में संशोधन करने के अवसर को साफ तौर पर ठुकरा दिया। उसने विभाग के प्रस्ताव के अनुसार संशोधित दरों पर काम करने के लिए अपनी सहमति नहीं दी।”
कोर्ट ने गौर किया कि विभाग के खिलाफ किसी भी तरह की दुर्भावना (Mala Fide) का आरोप नहीं लगाया गया और न ही रिकॉर्ड से ऐसा कुछ सामने आया है। इसके अलावा, नई सूचना के तहत तकनीकी बोलियां (Technical Bids) अभी खोली नहीं गईं, इसलिए बोलीदाताओं का कोई अधिकार अभी तय नहीं हुआ। इस आधार पर कोर्ट ने कहा कि वर्तमान रिट याचिका खारिज की जाती है।
इसके बाद याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि उनका मुवक्किल अब 'मैसर्स हमारा पंप' (M/s Hamara Pump) द्वारा दी गई दरों पर अनुबंध पूरा करने के लिए तैयार है। राज्य के वकील ने कहा कि इस सहमति को स्वीकार कर लिया जाएगा। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को एक सप्ताह के भीतर अपनी सहमति बताते हुए एक नया आवेदन (Representation) दाखिल करने की अनुमति दी। यदि कोई अन्य कानूनी बाधा नहीं है तो इस सहमति के आधार पर जल्द से जल्द वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। इसके साथ ही रिट याचिका का निपटारा कर दिया गया।
Case Title : M/s Shiv Anant Enterprises v. State of U.P. and 3 others

