हाईकोर्ट ने मेडिकल कॉलेज प्रोफेसरों के चयन में UPPSC की पारदर्शिता पर सवाल उठाए, परीक्षकों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उपायों का विवरण मांगा
Shahadat
27 Nov 2026 9:00 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसरों के चयन के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा अपनाई जा रही पारदर्शिता और निष्पक्षता (integrity) सुनिश्चित करने के उपायों पर सवाल उठाए और इनका विस्तृत विवरण मांगा।
हाईकोर्ट ने विशेष रूप से उन घोषणा-पत्रों (Declarations) का विवरण मांगा, जो भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले परीक्षकों और उम्मीदवारों से लिए जाते हैं।
जस्टिस सिद्धार्थ नंदन की पीठ ने UPPSC सचिव को यह बताने का निर्देश दिया कि क्या परीक्षकों से कोई ऐसा लिखित आश्वासन (Undertaking) लिया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि "उनकी निष्पक्षता उच्चतम स्तर की है और जिन उम्मीदवारों की वे जांच कर रहे हैं, उन्हें वे पहले से नहीं जानते हैं, या वे कभी ऐसी स्थिति में नहीं रहे हैं जिससे एक परीक्षक के रूप में उनके निर्णय पर कोई प्रभाव पड़ सके।"
आयोग से यह भी स्पष्ट करने को कहा गया कि क्या उम्मीदवारों के लिए यह बताना अनिवार्य था कि क्या उनके खिलाफ अतीत में कदाचार (Misconduct) का कोई मामला सामने आया था, या क्या उनके खिलाफ कोई जांच या पूछताछ लंबित है।
कोर्ट ने आयोग को यह भी निर्देश दिया कि वह चयनित उम्मीदवारों के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच करे और उनके मूल संस्थानों से पता लगाए कि क्या उनके खिलाफ कदाचार के आरोपों की कोई जांच लंबित है, या क्या वे पहले कभी कदाचार के दोषी पाए गए।
25 नवंबर के अपने आदेश में कोर्ट ने कहा कि UPPSC सचिव द्वारा दाखिल हलफनामे में चयन पैनल की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने वाले मानदंडों का कोई जिक्र नहीं था।
कोर्ट ने आगे कहा,
"...ताकि आयोग द्वारा की गई नियुक्तियों की सिफारिशें न केवल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हों, बल्कि इन सार्वजनिक नियुक्तियों पर लोगों का भरोसा भी कायम हो सके।"
UPPSC से यह भी पूछा गया कि क्या चयनित उम्मीदवारों के खिलाफ मिली शिकायतों पर उनकी सिफारिशें जारी करने से पहले विचार किया गया।
कोर्ट ने निर्देश दिया कि यदि कोई जानकारी छिपाने का मामला सामने आता है तो उनकी सिफारिशों पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर किसी परीक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो उस परीक्षक को प्रतिबंधित (Debar) किया जा सकता है।
इस पृष्ठभूमि में कोर्ट ने आयोग के वकील का यह बयान भी दर्ज किया कि जब तक UPPSC 1985 के अधिनियम के अध्याय IV के पैराग्राफ 9 के अनुपालन के संबंध में अपनी रिपोर्ट पेश नहीं कर देता, और कोर्ट के अगले आदेशों के अधीन, आयोग द्वारा की गई सिफारिशों को लागू नहीं किया जाएगा।
अदालत ने निर्देश दिया कि यदि अगली तारीख तक जरूरी रिपोर्ट जमा नहीं की जाती है, तो UPPSC सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा। उन्हें अपने साथ नियुक्त परीक्षकों के रिकॉर्ड, साक्षात्कार से पहले उनसे लिए गए घोषणा-पत्र और परीक्षकों या उम्मीदवारों के खिलाफ मिली शिकायतों का विवरण भी लाना होगा।
अदालत ने निर्देश दिया कि उसके आदेश की एक प्रति 48 घंटों के भीतर राज्य सरकार को भेज दी जाए।
अदालत ने UPPSC के तत्कालीन अध्यक्ष संजय श्रीनेत को भी इस मामले में एक आवश्यक पक्ष के रूप में शामिल किया।
अदालत ने टिप्पणी की कि जब ये सिफारिशें जारी की गईं, तब वे ही कामकाज संभाल रहे थे, "और वह भी उनके रिटायरमेंट से कुछ दिन पहले, बहुत जल्दबाजी में"।
उन्हें याचिका और आदेश-पत्र (ऑर्डर-शीट) की एक प्रति देने का निर्देश दिया गया, ताकि वे अदालत द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे सकें।
अपने आदेश में अदालत ने आयोग के इस रुख पर भी सवाल उठाया कि अब केवल इलेक्ट्रॉनिक मांग-पत्र (ई-रिक्विजिशन) ही स्वीकार किए जाएंगे, जबकि राज्य सरकार ने 2021 में ही मांग-पत्र भेज दिया था।
आयोग के वकील यह स्पष्ट नहीं कर सके कि ई-रिक्विजिशन की शर्त लागू करने वाला सरकारी आदेश पिछली तारीख से (रेट्रोस्पेक्टिव) लागू होगा या भविष्य से (प्रोस्पेक्टिव)।
अदालत ने UPPSC सचिव को निर्देश दिया कि वे हलफनामे के जरिए इस बात को स्पष्ट करें और संबंधित सरकारी आदेश को रिकॉर्ड पर लाएं। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि UPPSC अध्यक्ष द्वारा राज्य सरकार को भेजा गया वह पत्र भी रिकॉर्ड पर लाया जाए, जिसमें मेडिकल अधिकारियों की नियुक्ति करने की आयोग की क्षमता के बारे में बात कही गई।
बता दें, कोर्ट एक रिट याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और नर्सिंग कॉलेजों में नियमित फैकल्टी पदों को न भरे जाने के मामले की भी जांच की जा रही है।
कोर्ट ने पहले ही गौर किया कि राज्य भर में 500 से अधिक लोग संविदा (Contractual) आधार पर काम कर रहे हैं, जबकि नियमित पदों पर केवल 2-3% लोग ही नियुक्त हैं। लगभग 25% पदों का कामकाज कार्यवाहक (Officiating) प्रधानाचार्यों द्वारा संभाला जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशक द्वारा दाखिल हलफनामे से पता चला कि प्रोफेसरों के 517 स्वीकृत पदों में से 25% पदों को सीधी भर्ती से और 75% पदों को पदोन्नति (Promotion) के माध्यम से भरा जाना था। इस हिसाब से, 108 पदों को सीधी भर्ती से भरा जाना था।
हालांकि, पीठ को बताया गया कि केवल 26 पदों पर ही नियुक्तियां हुई हैं और बाकी पद खाली पड़े हैं।
राज्य सरकार ने कोर्ट को सूचित किया कि प्रोफेसर के 44 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है, और 23 अन्य पदों के लिए आयोग को मांग (Requisition) भेजी गई है, लेकिन उनका विज्ञापन अभी जारी होना बाकी है।
कोर्ट ने 30 जनवरी, 2026 के सरकारी आदेश के तहत प्रस्तावित 'उत्तर प्रदेश विशेषज्ञ चिकित्सक एवं चिकित्सा शिक्षक भर्ती बोर्ड' के गठन में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए।
राज्य सरकार के हलफनामे में कहा गया कि चूंकि विधानसभा का सत्र नहीं चल रहा है, इसलिए एक अध्यादेश (Ordinance) लाने के लिए मसौदा तैयार किया गया।
हालांकि, कोर्ट ने पाया कि हलफनामे में अध्यादेश लाने की कोई समय-सीमा (Timeline) नहीं बताई गई, और न ही प्रस्तावित बोर्ड के सदस्यों की नियुक्ति के लिए कोई मानदंड (Criteria) दिए गए। कोर्ट ने इस हलफनामे को अस्पष्ट बताया और इसे "केवल दिखावा" (Eye-Wash) करार दिया।
राज्य सरकार को कोर्ट द्वारा उठाए गए मुद्दों पर एक स्पष्ट हलफनामा दाखिल करने का अंतिम अवसर दिया गया है। इसमें बोर्ड के गठन की समय-सीमा और यह जानकारी भी शामिल होनी चाहिए कि क्या संविदा आधार पर नियुक्त डॉक्टरों को निजी प्रैक्टिस (Private Practice) करने की अनुमति है।
कोर्ट ने कहा कि जवाब दाखिल करते समय यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि "देश के नागरिकों का कल्याण सर्वोपरि है और उन्हें चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना एक कल्याणकारी राज्य के प्राथमिक कर्तव्यों में से एक है"।
कोर्ट ने आगे कहा कि प्रतिवादी संख्या... 2 को अपना व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करना होगा, जिसमें अदालत की आवश्यकता के अनुसार और आदेश में बताए गए विवरण शामिल हों; ऐसा न करने पर उसे अदालत के समक्ष उपस्थित होना होगा।
इस मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे तय की गई।
Case Title : Srinivasan Gandhi vs. State Of U.P. And 3 Others

