वकील की गलती का हवाला देकर मुकदमे के अंतिम चरण में दोबारा साक्ष्य पेश नहीं कर सकते: इलाहाबाद हाईकोर्ट

  • वकील की गलती का हवाला देकर मुकदमे के अंतिम चरण में दोबारा साक्ष्य पेश नहीं कर सकते: इलाहाबाद हाईकोर्ट

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि वकील की अनजाने में हुई गलती का सामान्य हवाला देकर मुकदमे में दोबारा साक्ष्य पेश करने की अनुमति नहीं मांगी जा सकती, खासकर तब जब पक्षकार खुद यह कह चुका हो कि उसे अब कोई और सबूत पेश नहीं करना है।

    जस्टिस डॉ. योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यदि किसी गवाह का नाम पक्षकार की अपनी गवाहों की सूची में था और उसे पेश करने का अवसर भी मिला था, तो यह बताना जरूरी है कि उसे पहले क्यों नहीं बुलाया गया और इस चूक को समय रहते क्यों नहीं सुधारा गया।

    क्या था मामला?

    मामला अलीगढ़ की रामघाट रोड स्थित एक दुकान से किरायेदार को बेदखल करने से जुड़ा था। किरायेदार ने 21 अप्रैल 2025 को अपनी गवाहों की सूची में हस्तलेखन विशेषज्ञ समीर शर्मा का नाम शामिल किया था। उसने चार गवाहों के बयान दर्ज कराने के बाद 31 जुलाई 2025 को कह दिया कि उसे अब कोई और साक्ष्य पेश नहीं करना है। इसके बाद उसका साक्ष्य बंद कर मुकदमे को अंतिम बहस के लिए रख दिया गया।

    मकान मालिक की बहस पूरी होने और लिखित बहस दाखिल होने के बाद 21 फरवरी 2026 को किरायेदार ने विशेषज्ञ को गवाही के लिए बुलाने की अर्जी दी। उसने दलील दी कि उसके वकील की गलती के कारण विशेषज्ञ की गवाही नहीं हो सकी और इससे किराये की रसीदों के जाली होने की बात साबित हो सकती है।

    ट्रायल कोर्ट ने 9 मार्च 2026 को अर्जी खारिज कर दी। इसके खिलाफ पुनरीक्षण याचिका भी खारिज होने के बाद किरायेदार ने हाईकोर्ट का रुख किया।

    हाईकोर्ट ने क्या कहा?

    हाईकोर्ट ने Dr. Ravi Bhushan v. Nitin Kumar मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस पक्षकार को साक्ष्य पेश करने का उचित अवसर नहीं मिला, उसका मामला उस पक्षकार से अलग है जिसने अवसर मिलने के बावजूद खुद अपना साक्ष्य बंद करा दिया।

    अदालत ने कहा कि, “साक्ष्य बंद करने का स्पष्ट आदेश अपने आप में दोबारा साक्ष्य पेश करने पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाता, लेकिन अतिरिक्त साक्ष्य की अनुमति देने से पहले इसका संतोषजनक स्पष्टीकरण देना जरूरी है।”

    पीठ ने पाया कि किरायेदार यह नहीं बता सका कि विशेषज्ञ को पहले क्यों नहीं बुलाया गया या उसकी अधिक उम्र और शारीरिक अक्षमता ने ऐसा करने में क्या बाधा पैदा की। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी दस्तावेज की प्रासंगिकता या लागत देने की पेशकश मात्र से दोबारा साक्ष्य पेश करने का अधिकार नहीं मिल जाता।

    हाईकोर्ट ने निचली अदालतों के आदेशों में कोई कानूनी त्रुटि नहीं पाई और संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत दायर याचिका खारिज कर दी। साथ ही, ट्रायल कोर्ट को मुकदमे का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया।

    इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story