बार-बार जांच के नाम पर विकास की मंजूरी नहीं रोक सकते अधिकारी: इलाहाबाद हाईकोर्ट
Praveen Mishra
23 Nov 2026 12:55 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि कोई वैधानिक हाउसिंग अथॉरिटी केवल इस आधार पर लेआउट प्लान और अतिरिक्त Floor Area Ratio (FAR) की मंजूरी नहीं रोक सकती कि जमीन के आवंटन की प्रशासनिक जांच अभी लंबित है, जबकि जमीन का हस्तांतरण रजिस्टर्ड सेल डीड के जरिए पूरा हो चुका हो और कई जांचों में कोई अनियमितता सामने न आई हो।
जस्टिस आलोक माथुर और जस्टिस अमिताभ कुमार राय की खंडपीठ ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई मनमानी है और संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन करती है।
कोर्ट ने टिप्पणी की, "जांच का उद्देश्य तथ्यों का पता लगाना और निष्कर्ष तक पहुंचना है। इसे ऐसी अंतहीन प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बनाया जा सकता, जिसके कारण किसी नागरिक या संस्था के अधिकार और वैध हित अनिश्चितकाल तक निलंबित रहें।"
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार योजना के लिए भूमि अधिग्रहित की थी। भूमि अधिग्रहण का विरोध होने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य शहरी आवास एवं पुनर्वास नीति, 2014 के तहत समझौता हुआ।
इस नीति के अनुसार, अपनी जमीन पूल करने वाले भू-स्वामियों को विकास शुल्क दिए बिना कम से कम 25 प्रतिशत जमीन वापस देने का प्रावधान था। इसी प्रक्रिया के तहत 22 भू-स्वामियों ने एक लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप बनाई, जिसके पक्ष में सेल डीड निष्पादित की गई।
इसी योजना में दो हाउसिंग कोऑपरेटिव सोसाइटी की जमीन भी अधिग्रहित की गई थी। सरकार के 22 अक्टूबर 2002 के आदेश के तहत इन सोसाइटी को योजना में उनकी जमीन समायोजित करने का लाभ दिया गया। इसके बाद दूसरी याचिकाकर्ता सोसाइटी के पक्ष में सेल डीड और तीसरी के पक्ष में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया गया।
2022 से शुरू हुई जांच, पांच रिपोर्ट में नहीं मिली अनियमितता
2022 में उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने इन जमीनों के आवंटन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इसके बाद 2022 से 2025 के बीच कुल पांच जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गईं। इनमें से किसी भी रिपोर्ट में आवंटन में कोई अवैधता नहीं पाई गई।
हालांकि, हाउसिंग कमिश्नर की 17 अगस्त 2023 की एक रिपोर्ट में जरूरत से ज्यादा जमीन आवंटित किए जाने का आरोप लगाया गया था।
लेकिन चीफ टाउन एंड कंट्री प्लानर की अध्यक्षता वाली समिति ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया। समिति ने पाया कि सोसाइटी को अविकसित जमीन का 80 प्रतिशत हिस्सा मिलने का अधिकार था, जबकि उन्हें केवल 50 प्रतिशत ही आवंटित किया गया था। इसके बावजूद परिषद की बोर्ड बैठकों में इस मामले को लगातार टाला जाता रहा।
अतिरिक्त FAR और बिल्डिंग प्लान की मंजूरी रोकी
इस बीच, पहली याचिकाकर्ता ने अतिरिक्त FAR खरीदने और अपने बिल्डिंग प्लान को संशोधित करने के लिए आवेदन किया। लेकिन परिषद ने यह कहते हुए मंजूरी देने से इनकार कर दिया कि बोर्ड ने अभी तक जांच रिपोर्टों को स्वीकार नहीं किया है। वर्ष 2026 में दोबारा जांच के आदेश भी दिए गए। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
हाईकोर्ट ने कहा कि जमीन का आवंटन रजिस्टर्ड दस्तावेजों के जरिए पूरा हो चुका था। किसी भी जांच में धोखाधड़ी, गलत बयानी, मिलीभगत या आवंटन की शर्तों के उल्लंघन का निष्कर्ष नहीं निकला था। न ही सेल डीड रद्द करने की कोई कानूनी कार्यवाही शुरू की गई थी।
कोर्ट ने कहा कि परिषद बार-बार उन्हीं आरोपों के आधार पर संदेह जताकर याचिकाकर्ताओं को अनिश्चितता में नहीं रख सकती, जबकि लेन-देन की प्रक्रिया खुद परिषद ने पूरी की थी।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि परिषद को लगता है कि लेन-देन अवैध था, तो उसे संबंधित अवैधता की पहचान करके कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। कोर्ट ने टिप्पणी की, "विकास संबंधी अनुमतियां रोककर परिषद वह काम अप्रत्यक्ष रूप से नहीं कर सकती, जिसे वह अपनी जांच के जरिए साबित नहीं कर पाई है।"
हाईकोर्ट के अंतिम निर्देश
याचिकाएं स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने परिषद की कार्रवाई को मनमाना और कानूनन अस्थिर घोषित किया। कोर्ट ने निर्देश दिया कि उन्हीं पुराने आरोपों के आधार पर याचिकाकर्ताओं के जमीन आवंटन के अधिकारों पर दोबारा सवाल नहीं उठाया जाए।
साथ ही, परिषद को याचिकाकर्ताओं के लंबित आवेदन पर लागू मास्टर प्लान, जोनिंग नियमों और बिल्डिंग बायलॉज के अनुसार गुण-दोष के आधार पर आठ सप्ताह के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया। यदि आवेदन में कोई कमी पाई जाती है, तो पहली याचिकाकर्ता को कारण बताते हुए आदेश जारी किया जाए।
कोर्ट ने यह भी कहा कि नई सामग्री सामने आने तक कोई और जांच आवेदन पर निर्णय लेने में देरी का आधार नहीं बनेगी।

