वकील की दलील में ऑनलाइन आर्टिकल का हवाला देने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट नाराज, कहा- किसी वकील का लेख कानून नहीं होता
Praveen Mishra
23 Nov 2026 4:53 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक मामले में दलीलें पेश करने के दौरान दूसरे वकील द्वारा लिखे गए ऑनलाइन आर्टिकल पर भरोसा करने को लेकर एक अधिवक्ता को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि किसी अधिवक्ता द्वारा लिखा गया लेख कानून नहीं होता और न ही वह किसी न्यायालय, विशेषकर हाईकोर्ट पर बाध्यकारी होता है।
जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने यह टिप्पणी करते हुए कहा कि अदालत में कानूनी दलीलें देते समय अधिवक्ताओं को संबंधित वैधानिक प्रावधानों और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित कानून का हवाला देना चाहिए।
कोर्ट ने वकील को एक ऐसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देने पर भी फटकार लगाई, जो उनके ही मुवक्किल के मामले के खिलाफ जाता था। पीठ ने इसे "अपने ही गोलपोस्ट में गोल करना" (Self-Goal) बताया।
ऑनलाइन आर्टिकल को कानून बताने पर कोर्ट की नाराजगी
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता के वकील गूगल से डाउनलोड किए गए एक ऑनलाइन आर्टिकल पर भरोसा कर रहे थे, जिसे किसी अन्य अधिवक्ता ने लिखा था। वकील ने दलील दी कि उस लेख में बताई गई कानूनी स्थिति के अनुसार, बकाया रकम की वसूली के लिए आपराधिक कार्यवाही भी की जा सकती है।
हालांकि, कोर्ट ने पाया कि लेख केवल बुलेट पॉइंट्स में लिखा गया था और उसमें न तो किसी वैधानिक प्रावधान का उल्लेख था और न ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित किसी कानूनी सिद्धांत का। इसके अलावा, वकील द्वारा उपलब्ध कराई गई लेख की प्रिंट कॉपी भी पढ़ने योग्य नहीं थी।
पीठ ने कहा कि जिस वेबसाइट पर लेख प्रकाशित हुआ था, उसकी जानकारी तक वकील को नहीं थी। बिना किसी कानूनी प्रावधान या संवैधानिक अदालत के फैसले का हवाला दिए किसी अधिवक्ता के लेख पर निर्भर रहना वकील के लापरवाह रवैये को दर्शाता है।
कोर्ट ने अधिवक्ताओं की ओर से दी जा रही कानूनी सहायता की गुणवत्ता पर भी चिंता जताई।
पीठ ने कहा, "खराब गुणवत्ता वाली कानूनी सहायता वादियों को शीघ्र न्याय दिलाने की प्रक्रिया में बाधा पैदा करती है। अदालत एक बार फिर बार के सम्मानित सदस्यों से अनुरोध करती है कि वे पेशेवर तरीके से पूरी तैयारी के साथ आएं और अदालत के समक्ष प्रासंगिक कानूनों का हवाला दें।"
कोर्ट ने अपने 2023 के फैसले Banwari Lal Kanchhal v. State of UP का भी उल्लेख किया। इसमें कहा गया था कि न्यायाधीश और अधिवक्ता रथ के दो पहियों की तरह हैं। न्याय व्यवस्था में तेजी लाने के लिए अधिवक्ताओं को भी अपना काम करने का तरीका बदलना होगा और अदालत की प्रभावी सहायता करनी होगी।
क्या था पूरा मामला?
हाईकोर्ट एक आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई कर रहा था। इसमें मजिस्ट्रेट के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें BNSS की धारा 173(4) के तहत FIR दर्ज करने का निर्देश देने की मांग वाली अर्जी खारिज कर दी गई थी।
याचिकाकर्ता का आरोप था कि उसने अपनी अचल संपत्ति 35 लाख रुपये में बेची थी। शुरुआत में उसे 5 लाख रुपये मिले थे। बाद में खरीदार ने RTGS के जरिए 29.15 लाख रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन शेष 85,000 रुपये का भुगतान नहीं किया।
मजिस्ट्रेट ने पुलिस रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद आवेदन खारिज कर दिया था। मजिस्ट्रेट का कहना था कि आरोपों से कोई संज्ञेय अपराध सामने नहीं आता और शिकायतकर्ता एक दीवानी विवाद को आपराधिक रंग देने की कोशिश कर रहा है।
बिक्री विलेख और संशोधन विलेख में क्या दर्ज था?
हाईकोर्ट ने 12 दिसंबर 2019 के बिक्री विलेख (Sale Deed) की जांच की। इसमें स्पष्ट रूप से दर्ज था कि विक्रेता को पूरी बिक्री राशि प्राप्त हो चुकी है और कोई रकम बकाया नहीं है।
कोर्ट ने यह भी पाया कि याचिकाकर्ता ने बिक्री विलेख की अधूरी प्रति दाखिल की थी और उसमें रजिस्ट्रार की वह टिप्पणी शामिल नहीं की थी, जिसमें विलेख के निष्पादन से पहले खरीदार द्वारा पूरी रकम चुकाए जाने की संतुष्टि दर्ज थी।
इसके अलावा, कोर्ट ने 13 मार्च 2023 के संशोधन विलेख (Correction Deed) का भी परीक्षण किया। इसमें भुगतान का विवरण इस प्रकार दर्ज था:
29.15 लाख रुपये RTGS के माध्यम से।
5 लाख रुपये चेक के माध्यम से।
शेष 85,000 रुपये एक अन्य चेक के माध्यम से।
कोर्ट ने कहा कि संशोधन विलेख के अनुसार पूरी बिक्री राशि याचिकाकर्ता को दी जा चुकी थी। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि 85,000 रुपये का चेक उसे दिया ही नहीं गया था।
चेक बाउंस होने पर क्या था उपाय?
हाईकोर्ट ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता ने चेक बैंक में प्रस्तुत नहीं किया, तो इसके लिए खरीदार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
वहीं, यदि चेक बैंक में प्रस्तुत किया गया था और भुगतान न होने के कारण वापस हो गया था, तो याचिकाकर्ता के पास परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) की धारा 138 के तहत शिकायत दर्ज कराने का कानूनी उपाय उपलब्ध था।
इन परिस्थितियों में कोर्ट ने माना कि आरोपों से कोई संज्ञेय अपराध सामने नहीं आता। हाईकोर्ट ने मजिस्ट्रेट के आदेश में कोई त्रुटि या अवैधता नहीं पाई और आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी।

