Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य सुर्खियां

महिला और बाल विकास मंत्रालय ने सेक्सुअल हरासमेंट की शिकायत के लिए लॉन्च किया “SHE बॉक्स”

LiveLaw News Network
9 Nov 2017 4:03 AM GMT
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने सेक्सुअल हरासमेंट की शिकायत के लिए लॉन्च किया “SHE बॉक्स”
x

सेक्सुअल हरासमेंट की शिकार महिला अब सीधे महिला और बाल विकास मंत्रालय से शिकायत कर सकेंगी। इसके लिए महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने सेक्सुअल हरासमेंट इलैक्ट्रॉनिक (SHE) बॉक्स लॉन्च किया है। अभी तक यह सिर्फ केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में काम कर रही महिला कर्मचारियों के लिए था, लेकिन अब यह ऑर्गनाइज्ड सेक्टर में काम कर रही सभी महिलाओं के लिए खुल गया है। SHE बॉक्स का लिंक महिला और बाल विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर दिया गया है।

मेनका गांधी ने कहा है कि इस बॉक्स के जरिये वे महिलाएं भी शिकायत कर सकती हैं जिन्होंने पहले से अपने ऑफिस में इंटरनल कंप्लेंट कमिटी या लोकल कंप्लेंट कमिटी में शिकायत की हुई है। उन्होंने कहा कि हम पूरी कोशिश करेंगे कि महिलाओं को जल्द न्याय मिले। कोई भी महिला कर्मचारी, चाहे वह प्राइवेट सेक्टर में हो या सरकारी सेक्टर में, अपने साथ हो रहे सेक्सुअल हरासमेंट की शिकायत इस SHE बॉक्स के माध्यम से कर सकती है। इस पोर्टल के जरिए शिकायतकर्ता भी उनकी शिकायत पर जांच कहाँ पहुँची है इसकी निगरानी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कई महिलाओं ने शिकायत की है कि ऑफिस में पुरुष स्टाफ गंदे मजाक करते हैं और महिलाओं को घूरते हैं। महिलाओं को परेशान करने के लिए कुछ मामले में उनकी बार-बार पोस्टिंग बदल दी जाती है। ऐसी शिकायत भी आई कि प्रेगनेंट होने पर छुट्टी मांगने पर उन्हें नौकरी से ही निकाल दिया गया। मेनका ने कहा कि सेक्सुअल हरासमेंट करने वाले अपनी नौकरी से हाथ धो सकते हैं, उनका प्रमोशन रुक सकता है और उन्हें जेल भी हो सकती है। कानून के हिसाब से उन्हें सजा दी जाएगी। हालांकि मेनका ने यह भी अपील की कि किसी को परेशान करने के लिए कोई झूठी शिकायत ना करे क्योंकि झूठी शिकायत आने पर हमारी मुहिम ही कमजोर होगी।

मंत्री ने बताया कि कार्यस्थल पर सेक्सुअल हरासमेंट की शिकायतों से निपटने के लिए उन्होंने मंत्रालय के अंदर एक अलग यूनिट बनाई है जो SHE बॉक्स में आई शिकायतों को देखेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार दुनिया में किसी सरकार ने इस तरह का कदम उठाया है। मंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले अमेरिका में खासकर हॉलिवुड में काम कर रही महिलाओं ने यह मसला उठाया कि उनके साथ कार्यस्थल पर परेशान किया जाता है। इसके बाद भारत सहित दुनिया भर के देशों में महिलाएं खुलकर बोलने लगीं। मेनका ने कहा कि उन्होंने ऐसी शुरुआत की है कि महिलाएं सीधे सरकार को अपनी शिकायत बता सकती हैं। उन्होंने कहा कि करीब छह महीने पहले जब उन्होंने सरकारी महिला कर्मचारियों के लिए SHE बॉक्स शुरू किया, तब से अब तक 346 शिकायतें आ चुकी हैं। ज्यादा महिलाओं ने तो यह कहा है कि उनके ऑफिस में इंटरनल कंप्लेंट कमिटी ही नहीं है।

Next Story