आरोपी का आपराधिक इतिहास और पूर्व दोषसिद्धि हो तो केवल ट्रायल में देरी जमानत का आधार नहीं: सुप्रीम कोर्ट
Amir Ahmad
24 Nov 2026 11:37 AM IST

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केवल मुकदमे की सुनवाई में देरी के आधार पर किसी आरोपी को शीघ्र सुनवाई के अधिकार के नाम पर जमानत नहीं दी जा सकती, खासकर तब जब उसका आपराधिक इतिहास और पूर्व दोषसिद्धि हो।
अदालत ने यह टिप्पणी हत्या के एक मामले में आरोपी को दी गई जमानत रद्द करते हुए की। आरोपी को उसी मृतक की हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में भी दोषी ठहराया गया, लेकिन हाईकोर्ट ने जमानत देते समय इस तथ्य पर विचार नहीं किया।
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की खंडपीठ ने कहा कि आरोपी के शीघ्र सुनवाई के अधिकार और समाज के हित के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। खासकर तब, जब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी दोषसिद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया हो।
खंडपीठ ने कहा,
“आपराधिक इतिहास और पूर्व दोषसिद्धि वाला व्यक्ति केवल शीघ्र सुनवाई के अपने अधिकार के आधार पर जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता। अदालत का कर्तव्य है कि वह शीघ्र सुनवाई के अधिकार और सामाजिक हित के बीच संतुलन बनाए रखे। ऐसा करते समय यह भी देखना होगा कि व्यक्ति कई अपराधों में शामिल है या नहीं, विशेषकर तब जब हाईकोर्ट के समक्ष गलत बयान देकर जमानत हासिल की गई हो।”
यह मामला शिकायतकर्ता की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर अपील से जुड़ा था। शिकायतकर्ता के बेटे की हत्या के आरोपी को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने इस आधार पर जमानत दी थी कि वह करीब पांच साल से जेल में बंद है और ट्रायल में कोई खास प्रगति नहीं हुई।
शिकायतकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि आरोपी का आपराधिक इतिहास और उसके बेटे की हत्या के प्रयास के मामले में IPC की धारा 307 के तहत हुई दोषसिद्धि का तथ्य हाईकोर्ट से छिपाया गया। इसलिए केवल ट्रायल में देरी के आधार पर दी गई जमानत कानूनी रूप से उचित नहीं थी।
सुप्रीम कोर्ट ने शिकायतकर्ता की दलीलों में दम पाया। अदालत ने कहा कि आरोपी का आपराधिक इतिहास था और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध में उसकी दोषसिद्धि बरकरार थी, इसके बावजूद उसे गलत तरीके से जमानत दी गई।
खंडपीठ ने स्पष्ट रूप से कहा,
“हमारी राय में हाईकोर्ट को प्रतिवादी संख्या 1 राहुल उर्फ विक्रम को ट्रायल लंबित रहने के दौरान जमानत पर रिहा नहीं करना चाहिए।”
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का जमानत आदेश रद्द किया और आरोपी को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। अदालत ने शिकायतकर्ता की अपील स्वीकार की।

