शिकायतकर्ता/पीड़िता को सुनवाई का मौका दिए बिना पुनरीक्षण में आरोपी को आरोपमुक्त नहीं किया जा सकता: राजस्थान हाईकोर्ट
Amir Ahmad
24 Nov 2026 1:14 PM IST

राजस्थान हाईकोर्ट ने पुनरीक्षण अदालत का वह आदेश रद्द किया, जिसके जरिए IPC की धारा 498-A के तहत आरोपित व्यक्तियों को शिकायतकर्ता को सुनवाई का अवसर दिए बिना आरोपमुक्त कर दिया गया।
जस्टिस फरजंद अली ने कहा कि जब पुनरीक्षण अदालत का प्रस्तावित आदेश किसी दूसरे पक्ष के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता हो तो उस पक्ष को सुनवाई का अवसर देना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि एक वैधानिक सुरक्षा है। इससे इनकार नहीं किया जा सकता।
अदालत ने कहा,
“शिकायतकर्ता/पीड़िता को सुनवाई का अवसर देने की बुनियादी आवश्यकता का उल्लंघन करके पारित किए गए विवादित आदेश को बरकरार नहीं रखा जा सकता।”
मामले में याचिकाकर्ता की शिकायत के आधार पर प्रतिवादी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया। ट्रायल कोर्ट ने IPC की धारा 498-A के तहत संज्ञान लिया।
संज्ञान लेने के आदेश को प्रतिवादी ने पुनरीक्षण याचिका के जरिए चुनौती दी। इस कार्यवाही में शिकायतकर्ता को पक्षकार नहीं बनाया गया। पुनरीक्षण अदालत ने याचिकाकर्ता को नोटिस जारी किए बिना और सुनवाई का कोई अवसर दिए बिना याचिका स्वीकार की। इसके परिणामस्वरूप ट्रायल कोर्ट द्वारा लिया गया संज्ञान रद्द कर दिया गया और आरोपी को आरोपमुक्त कर दिया गया।
इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले मनहरिभाई मुलजीभाई काकड़िया एवं अन्य बनाम शैलेशभाई मोहनभाई पटेल एवं अन्य का उल्लेख किया। इस फैसले में कहा गया कि जब पुनरीक्षण कार्यवाही में शिकायतकर्ता के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला आदेश पारित किया जाना हो, तो उसे सुनवाई का अधिकार है।
हाईकोर्ट ने कहा कि CrPC की धारा 397 से 401 के प्रावधानों को संयुक्त रूप से पढ़ने पर स्पष्ट होता है कि पुनरीक्षण अधिकारिता का इस्तेमाल करते हुए यदि किसी दूसरे पक्ष के हितों को प्रभावित करने वाला आदेश प्रस्तावित है तो उसे सुनवाई का अवसर देना अनिवार्य है। यह केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि वैधानिक सुरक्षा है, जिसे समाप्त नहीं किया जा सकता।
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए पुनरीक्षण अदालत का आदेश रद्द किया। मामले को नए सिरे से विचार के लिए पुनरीक्षण अदालत के पास वापस भेज दिया गया, ताकि शिकायतकर्ता को सुनवाई का उचित अवसर देने के बाद निर्णय लिया जा सके।

