पत्नी द्वारा पति के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करवाना आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले के लिए पर्याप्त नहीं: राजस्थान हाईकोर्ट ने पत्नी को किया आरोपमुक्त
LiveLaw Network
26 Nov 2026 8:16 PM IST

राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर ने वैवाहिक विवाद के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में महत्वपूर्ण निर्णय देते हुए पत्नी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत लगाए गए आरोप को निरस्त कर दिया।
जस्टिस फरजंद अली की सिंगल बेंच ने स्पष्ट किया कि केवल वैवाहिक अनबन, घरेलू विवाद, आपसी मनमुटाव अथवा पत्नी द्वारा पति के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करवाना आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध गठित करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसके लिए आत्महत्या के लिए उकसाने, जानबूझकर सहायता करने अथवा ऐसा कोई सक्रिय कृत्य होना आवश्यक है, जिससे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का स्पष्ट संकेत मिले।
सिंगल बेंच ने काजल बनाम राज्य सरकार एवं अन्य प्रकरण (एस.बी. क्रिमिनल रिवीजन पिटीशन संख्या 382/2025) में 23 नवंबर 2026 को यह महत्वपूर्ण एवं रिपोर्टेबल निर्णय सुनाया।
मामले के अनुसार, मृतक देवेंद्र सांखला का विवाह याचिकाकर्ता काजल से हुआ था। पति-पत्नी के बीच वैवाहिक संबंधों में तनाव उत्पन्न होने के कारण पत्नी अपने मायके में रहने लगी थी। इसी दौरान पत्नी ने 14 अक्टूबर 2016 को पति एवं उसके परिजनों के विरुद्ध धारा 498-A, 406 एवं 323 IPC के तहत मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके बाद 1 दिसंबर 2016 को पति अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने पत्नी सहित उसके परिवार के सदस्यों के विरुद्ध धारा 306/34 एवं 120-B IPC के तहत आरोप पत्र पेश किया।
मृतक द्वारा छोड़ी गई लगभग 15 पृष्ठों की कथित सुसाइड नोट एवं अन्य अनुसंधान सामग्री के आधार पर अधीनस्थ न्यायालय ने 18 जुलाई 2023 को पत्नी के विरुद्ध धारा 306 IPC के तहत आरोप तय कर दिया था। इस आदेश को पत्नी ने राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी।
सुसाइड नोट में मानसिक तनाव का उल्लेख, लेकिन आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रमाण नहीं
हाईकोर्ट ने सुसाइड नोट का समग्र अवलोकन करते हुए पाया कि मृतक वैवाहिक संबंधों में तनाव, निराशा एवं असंतोष से गुजर रहा था, लेकिन सुसाइड नोट में ऐसा कोई विशिष्ट कृत्य सामने नहीं आया जिससे यह साबित हो कि पत्नी ने जानबूझकर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया अथवा आत्महत्या करने में कोई सक्रिय सहायता प्रदान की।
न्यायालय ने यह भी महत्वपूर्ण तथ्य रेखांकित किया कि पत्नी घटना से कई महीने पूर्व ही अपने मायके में अलग रह रही थी और घटना के समय उसके मृतक के साथ दैनिक वैवाहिक संपर्क अथवा निकटता नहीं थी।
पत्नी द्वारा दर्ज मुकदमे में पुलिस की चार्जशीट को आत्महत्या का कारण नहीं माना जा सकता
न्यायालय ने घटनाक्रम की समयावधि पर विशेष ध्यान दिया। पत्नी द्वारा 14 अक्टूबर 2016 को दर्ज करवाए गए मुकदमे में पुलिस ने 23 नवंबर 2016 को आरोप पत्र प्रस्तुत किया था और इसके कुछ दिन बाद 1 दिसंबर 2016 को पति ने आत्महत्या की।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा विधिक दायित्व के निर्वहन में अनुसंधान के बाद आरोप पत्र पेश करना पुलिस की स्वतंत्र वैधानिक कार्रवाई है। केवल इस आधार पर पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। किसी शिकायत के बाद पति द्वारा आत्महत्या कर लेना उस शिकायत को स्वतः आत्महत्या के लिए उकसाने वाला कृत्य नहीं बना देता।
हाईकोर्ट ने कहा कि धारा 306 IPC के तहत अपराध स्थापित करने के लिए स्पष्ट आपराधिक मंशा, सक्रिय भूमिका तथा आत्महत्या के लिए उकसाने या जानबूझकर सहायता करने का तत्व होना आवश्यक है।
न्यायालय ने यह भी आगाह किया कि ट्रायल कोर्ट को केवल एहतियात के तौर पर यांत्रिक ढंग से आरोप तय नहीं करने चाहिए। आरोप तय करने से पूर्व संबंधित अपराध के आवश्यक कानूनी तत्वों की मौजूदगी का परीक्षण करना अनिवार्य है।
हाईकोर्ट ने पत्नी को धारा 306 IPC के आरोप से किया दोषमुक्त
समस्त तथ्यों एवं कानूनी प्रावधानों का विश्लेषण करने के बाद हाईकोर्ट ने माना कि अभियोजन सामग्री से अधिकतम पति-पत्नी के बीच वैवाहिक असहमति, घरेलू विवाद, अलगाव एवं आपराधिक मुकदमेबाजी की स्थिति ही सामने आती है। आत्महत्या के लिए जानबूझकर उकसाने अथवा सहायता करने का कोई प्रथमदृष्टया आधार उपलब्ध नहीं है।
इस आधार पर न्यायालय ने आपराधिक पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए अधीनस्थ न्यायालय के 18 जुलाई 2023 के आदेश को पत्नी के विरुद्ध धारा 306 IPC के आरोप तक निरस्त कर दिया तथा याचिकाकर्ता काजल को उक्त अपराध से आरोपमुक्त कर दिया।
रजाक खान हैदर @ लाइव लॉ नेटवर्क

