एक ही भर्ती प्रक्रिया में चयनित कर्मचारियों को अलग-अलग वेतन देना गलत: राजस्थान हाइकोर्ट
Amir Ahmad
9 March 2026 12:23 PM IST

राजस्थान हाइकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला देते हुए कहा कि एक ही भर्ती प्रक्रिया में चयनित और नियुक्त कर्मचारियों के वेतन निर्धारण में केवल ज्वाइनिंग की तारीख के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। अदालत ने इसे सेवा कानून के सिद्धांतों के खिलाफ और संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन बताया।
जस्टिस चंद्रशेखर शर्मा की पीठ स्कूल व्याख्याताओं द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि राज्य सरकार ने एक ही भर्ती प्रक्रिया में नियुक्त शिक्षकों के वेतनमान तय करने में भेदभाव किया। कुछ शिक्षकों को अतिरिक्त वार्षिक ग्रेड वृद्धि दी गई, जबकि अन्य को उससे कम वृद्धि दी गई केवल इस आधार पर कि उन्होंने सेवा कब ज्वाइन की।
मामले में बताया गया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अलग-अलग नियुक्ति आदेश जारी किए गए, जिनमें ज्वाइन करने की अलग-अलग अंतिम तिथियां तय थीं। अंतिम कट-ऑफ तिथि 10 जुलाई 2017 थी। कई याचिकाकर्ताओं ने अपनी नियुक्ति आदेश में दी गई तिथि के बाद लेकिन अंतिम कट-ऑफ तिथि से पहले सेवा ज्वाइन कर ली थी।
इसके बावजूद जिन व्याख्याताओं ने 30 जून 2017 से पहले ज्वाइन किया, उन्हें एक अतिरिक्त वार्षिक ग्रेड वृद्धि दी गई, जबकि 30 जून 2017 के बाद ज्वाइन करने वालों को यह लाभ नहीं दिया गया। इसी को याचिकाकर्ताओं ने भेदभावपूर्ण बताते हुए हाइकोर्ट में चुनौती दी थी।
अदालत ने कहा,
“एक ही विज्ञापन और एक ही भर्ती प्रक्रिया के तहत एक ही पद पर चयनित उम्मीदवारों के साथ केवल ज्वाइनिंग की तारीख के आधार पर वेतन निर्धारण में भेदभाव नहीं किया जा सकता।”
पीठ ने यह भी कहा कि सरकार को या तो भर्ती प्रक्रिया में ज्वाइनिंग की पहली तारीख को आधार बनाना चाहिए था या फिर अंतिम तारीख को। एक ही भर्ती प्रक्रिया में अलग-अलग तारीखों को आधार बनाकर कुछ कर्मचारियों को लाभ देना और अन्य को उससे वंचित करना उचित नहीं है।
राज्य सरकार ने अपने फैसले को सही ठहराने के लिए 30 सितंबर 2017 को वित्त विभाग द्वारा जारी एक परिपत्र का हवाला दिया। हालांकि, हाइकोर्ट ने इसे भी अस्वीकार कर दिया और कहा कि यदि यह परिपत्र भी ऐसे भेदभाव को बढ़ावा देता है तो वह भी अनुच्छेद 14 के विपरीत है।
अंततः हाइकोर्ट ने राज्य सरकार की कार्रवाई को अवैध और अस्थिर ठहराते हुए निर्देश दिया कि ज्वाइनिंग की तारीख के आधार पर पैदा हुई वेतन संबंधी असमानता को एक महीने के भीतर दूर किया जाए और सभी पात्र कर्मचारियों को समान लाभ दिया जाए।

