दलबदल के आधार पर नगर पार्षदों की अयोग्यता तय करने की राज्य सरकार की शक्ति को चुनौती, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

  • दलबदल के आधार पर नगर पार्षदों की अयोग्यता तय करने की राज्य सरकार की शक्ति को चुनौती, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

    मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मध्य प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1956 की धारा 17(3) की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर नोटिस जारी किया।

    बता दें, इस प्रावधान के तहत राज्य सरकार को यह तय करने का अधिकार है कि किसी नगर पार्षद या महापौर की अयोग्यता के कारण पद रिक्त हुआ है या नहीं।

    यह चुनौती इंदौर नगर निगम के तीन पार्षदों को अयोग्य ठहराने से राज्य सरकार के इनकार के बाद दी गई। आरोप है कि तीनों पार्षद कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए, लेकिन बाद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।

    याचिका इंदौर नगर निगम की निर्वाचित पार्षद और नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने दायर की। उन्होंने सवाल उठाया कि सत्तारूढ़ दल से जुड़े या उसमें शामिल हुए पार्षदों की अयोग्यता का फैसला करने के लिए राज्य सरकार को अधिकार देना कितना निष्पक्ष है।

    जस्टिस सुबोध अभ्यंकर और जस्टिस पवन कुमार द्विवेदी की खंडपीठ ने तीनों पार्षदों ममता सुभाष सुनेर, शिवम यादव और विनिता धर्मेंद्र मौर्य को नोटिस जारी किया। ये तीनों 2022 के नगर निगम चुनाव में क्रमशः वार्ड 15, 17 और 23 से निर्वाचित हुए थे।

    कोर्ट ने निर्देश दिया,

    “प्रतिवादी संख्या 4, 5 और 6 को तीन कार्यदिवस के भीतर प्रक्रिया शुल्क जमा करने पर दस्ती नोटिस जारी किया जाए, जिसका जवाब दो सप्ताह में दिया जाना है।”

    राज्य सरकार की ओर से पेश वकील को भी जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया।

    मामले को 16 दिसंबर 2026 को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया।

    याचिका में कहा गया कि तीनों पार्षदों का आचरण संविधान की दसवीं अनुसूची में शामिल दल-बदल विरोधी प्रावधानों के तहत अयोग्यता का आधार बनता है।

    याचिकाकर्ता के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 191(2) और 243V तथा 1956 के अधिनियम की धारा 17(1)(k) और 17(2) को संयुक्त रूप से पढ़ने पर ये प्रावधान नगर पार्षदों पर भी लागू होते हैं।

    याचिकाकर्ता ने 20 मई 2024 को राज्य सरकार के समक्ष अभ्यावेदन देकर तीनों पार्षदों को अयोग्य ठहराने की मांग की। अधिकारियों द्वारा इस पर निर्णय नहीं लेने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया।

    हाईकोर्ट ने 26 अगस्त 2025 को अधिकारियों को दो महीने के भीतर अभ्यावेदन पर फैसला करने का निर्देश दिया था।

    इस आदेश का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए याचिकाकर्ता ने बाद में अवमानना कार्यवाही शुरू की। 16 जून 2026 को अवमानना याचिका का निस्तारण करते हुए कोर्ट ने अभ्यावेदन पर एक महीने के भीतर निर्णय लेने का दोबारा निर्देश दिया।

    हालांकि, इसके बाद याचिकाकर्ता को सूचित किया गया कि उसका अभ्यावेदन 26 मार्च 2026 के आदेश से पहले ही खारिज कर दिया गया था।

    आदेश में कहा गया कि 1956 का अधिनियम दल-बदल के आधार पर नगर पार्षदों को अयोग्य ठहराने का प्रावधान नहीं करता।

    याचिका में मुख्य रूप से धारा 17(3) को चुनौती देते हुए कहा गया कि अयोग्यता से जुड़े विवादों का फैसला करने की शक्ति राज्य सरकार को सौंपना मनमाना है और संविधान के अनुच्छेद 14 तथा 243V का उल्लंघन करता है।

    याचिकाकर्ता का तर्क है कि सत्तारूढ़ राजनीतिक दल से जुड़े निर्वाचित प्रतिनिधियों की अयोग्यता पर राज्य सरकार को स्वतंत्र और निष्पक्ष प्राधिकारी नहीं माना जा सकता।

    याचिका में संस्थागत पक्षपात की आशंका भी जताई गई है। कहा गया कि ऐसे विवादों का फैसला करने के लिए जिम्मेदार सचिव प्रशासनिक रूप से संबंधित विभाग के मंत्री के अधीन होता है। इसके अलावा, धारा 17(3) में अयोग्यता की कार्यवाही पर फैसला करने के लिए कोई अधिकतम समय-सीमा तय नहीं की गई। इससे किसी पार्षद के खिलाफ अयोग्यता का आरोप होने के बावजूद वह राज्य सरकार के निर्णय तक अनिश्चितकाल तक पद पर बना रह सकता है।

    याचिकाकर्ता ने धारा 17(3) को असंवैधानिक घोषित करने के साथ 26 मार्च 2026 के उस आदेश को रद्द करने की मांग की, जिसके जरिए उसका अभ्यावेदन खारिज किया गया। साथ ही तीनों पार्षदों को अयोग्य ठहराने की भी मांग की गई।

    अंतरिम राहत के तौर पर याचिकाकर्ता ने मांग की कि याचिका लंबित रहने के दौरान तीनों पार्षदों को इंदौर नगर निगम के सदस्य के रूप में काम करने से रोका जाए और चुनौती दिए गए आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगाई जाए।

    मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को होगी।

    अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story