बाघों की मौत के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कान्हा टाइगर रिजर्व के निदेशक को किया तलब, राज्य अधिकारियों के असहयोग पर जताई नाराजगी

  • बाघों की मौत के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कान्हा टाइगर रिजर्व के निदेशक को किया तलब, राज्य अधिकारियों के असहयोग पर जताई नाराजगी

    मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बाघों की मौत से जुड़े जनहित याचिका मामले में कान्हा टाइगर रिजर्व के निदेशक को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया। कोर्ट ने राज्य के अधिकारियों के असहयोग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य इस जनहित याचिका को विरोधी पक्षों के बीच विवाद की तरह देख रहा है।

    चीफ जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने कहा कि पिछली सुनवाई में राज्य से जो रिपोर्ट मांगी गई, उसमें आवश्यक विवरण नहीं हैं। कोर्ट ने निर्देश दिया कि रिपोर्ट तैयार करने वाले कान्हा टाइगर रिजर्व, मंडला के निदेशक 30 नवंबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहें।

    खंडपीठ ने कहा,

    “राज्य के वकील ने 26 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुपालन में रिपोर्ट अदालत के समक्ष रखी। हालांकि, रिपोर्ट में उस आदेश के तहत मांगे गए आवश्यक विवरण नहीं हैं। कोर्ट राज्य के अधिकारियों की ओर से असहयोग देख रहा है, जो इस मुकदमे को विरोधी पक्षों के बीच विवाद की तरह लेते प्रतीत होते हैं। रिपोर्ट में कमियों को देखते हुए कोर्ट निर्देश देता है कि रिपोर्ट तैयार करने वाले कान्हा टाइगर रिजर्व, मंडला के निदेशक 30 नवंबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहें।”

    यह जनहित याचिका वकील ने दायर की। इसमें हाल में बाघों की मौतों को लेकर राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के ढांचे के तहत निर्धारित वैधानिक सुरक्षा उपायों, बीमारी की निगरानी और मॉनिटरिंग प्रोटोकॉल के अनुपालन पर गंभीर सवाल उठाए गए।

    याचिका में मार्च से मई 2026 के दौरान बाघिन T-141 और उसके चार शावकों, बाघिन T-122 तथा बाघ T-220 की मौतों का उल्लेख किया गया। इन मौतों को कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) से जोड़ा गया। यह एक अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मांसाहारी जीवों को प्रभावित करती है।

    याचिका में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) की ओर से जारी संचार का भी हवाला दिया गया। इसमें घरेलू कुत्तों में CDV की मौजूदगी पर चिंता जताते हुए अनिवार्य निगरानी, पोस्टमार्टम के दौरान नियमित जांच, बफर जोन से आवारा कुत्तों को दूर रखने और जांच की मानकीकृत प्रक्रिया अपनाने की सिफारिश की गई।

    मामले की पहली सुनवाई में हाईकोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकारों को अधिकारियों की ओर से उठाए गए निवारक और उपचारात्मक कदमों के संबंध में विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।

    इसके बाद अगली सुनवाई में कोर्ट ने अंतरिम आदेश पारित करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाघों के आवागमन वाले आसपास के क्षेत्र में घूमने वाले कुत्तों का तत्काल टीकाकरण शुरू किया जाए। साथ ही, कोर और बफर क्षेत्र में बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए सभी उपलब्ध निवारक उपाय किए जाएं।

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story