कांतारा मिमिक्री विवाद: एक्टर रणवीर सिंह माफी हलफनामे में करेंगे संशोधन, कर्नाटक हाइकोर्ट में दिया आश्वासन

Amir Ahmad

10 April 2026 1:40 PM IST

  • कांतारा मिमिक्री विवाद: एक्टर रणवीर सिंह माफी हलफनामे में करेंगे संशोधन, कर्नाटक हाइकोर्ट में दिया आश्वासन

    कर्नाटक हाइकोर्ट में चल रहे 'कांतारा' मिमिक्री विवाद मामले में एक्टर रणवीर सिंह ने अदालत को बताया कि वह अपने माफी के हलफनामे की भाषा को संशोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि वह शिकायतकर्ता के साथ बैठकर ऐसा मसौदा तैयार करेंगे, जिससे वास्तविक खेद स्पष्ट रूप से व्यक्त हो सके।

    जस्टिस एम नागप्रसन्ना के समक्ष सुनवाई के दौरान एक्टर की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट साजन पूवय्या ने कहा कि माफी का हलफनामा पहले ही दाखिल किया जा चुका है और उसमें मंदिर जाकर प्रार्थना करने का भी उल्लेख है।

    हालांकि, शिकायतकर्ता के वकील ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि हलफनामे में सच्चे पछतावे की कमी है और उसमें स्पष्ट शब्दों में गलती स्वीकार नहीं की गई है।

    उन्होंने कहा,

    “हलफनामे में जो कहा गया है, उसमें वास्तविक भावना नहीं झलकती, इसे स्पष्ट रूप से लिखा जाना चाहिए।”

    इस पर एक्टर की ओर से कहा गया कि वे शिकायतकर्ता के साथ मिलकर हलफनामे की भाषा को संतोषजनक तरीके से तैयार करेंगे और संशोधित हलफनामा अदालत में पेश करेंगे।

    मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने अगली तारीख 23 अप्रैल तय करते हुए मौखिक रूप से कहा कि हलफनामा शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुसार दाखिल किया जाए।

    बता दें, यह मामला उस घटना से जुड़ा है, जिसमें एक्टर ने गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह के दौरान फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' के एक पात्र की नकल करते हुए कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी की थी।

    इस पर दर्ज FIR रद्द करने की मांग करते हुए एक्टर ने हाईकोर्ट का रुख किया। उन पर विभिन्न धाराओं के तहत धार्मिक भावनाएं आहत करने और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने के आरोप लगाए गए।

    इससे पहले भी हाईकोर्ट ने टिप्पणी की थी कि एक प्रसिद्ध व्यक्ति होने के नाते एक्टर को सार्वजनिक मंच पर अपने शब्दों और व्यवहार को लेकर अधिक सावधान रहना चाहिए और गलती होने पर पछतावा दिखाना जरूरी है।

    Next Story