HIV संक्रमित खून चढ़ाने का मामला गंभीर, बच्चों का भविष्य खतरे में: झारखंड हाईकोर्ट ने मांगी जांच रिपोर्ट
Amir Ahmad
9 April 2026 5:10 PM IST

झारखंड हाईकोर्ट ने चाईबासा सदर अस्पताल में नाबालिग बच्चों को HIV संक्रमित खून चढ़ाने के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से जांच की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी। अदालत ने कहा कि इस घटना ने बच्चों के भविष्य को खतरे में डाल दिया और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए।
जस्टिस रोंगोन मुखोपाध्याय की सिंगल बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ताओं ने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए आरोप लगाया कि थैलेसीमिया से पीड़ित नाबालिग बच्चों को अस्पताल के ब्लड बैंक में एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाया गया।
अदालत के पहले के निर्देश पर इस मामले में FIR दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, हाइकोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल FIR दर्ज होना पर्याप्त नहीं है, खासकर जब मामला इतने गंभीर अपराध से जुड़ा हो।
अदालत ने कहा,
"FIR दर्ज होने से प्रारंभिक शिकायत का निवारण हो सकता है लेकिन जब कई मासूम बच्चों को HIV संक्रमित खून चढ़ाया गया तो यह उनके भविष्य को खतरे में डालता है। ऐसे में दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना आवश्यक है।”
सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि राज्य सरकार ने जवाब दाखिल तो किया लेकिन उसमें जांच की प्रगति के बारे में ठोस जानकारी नहीं दी गई। यहां तक कि राज्य के वकील भी जांच की वर्तमान स्थिति से अनभिज्ञ थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने राज्य को निर्देश दिया कि वह एक पूरक हलफनामा दाखिल कर अब तक की जांच का पूरा विवरण प्रस्तुत करे।
अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 21 अप्रैल, 2026 को तय की।

