UPSC सिविल सेवा परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं RTI Act के तहत पाने के लिए सार्वजनिक हित दिखाना जरूरी, मूल्यांकन में गलती की व्यक्तिगत आशंका पर्याप्त नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट
Amir Ahmad
25 Nov 2026 3:36 PM IST

दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि मूल्यांकन या अंकों की प्रविष्टि में गलती होने की किसी अभ्यर्थी की व्यक्तिगत आशंका मात्र से सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI Act) के तहत UPSC सिविल सेवा परीक्षा की जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं का खुलासा करने का आधार नहीं बनता।
जस्टिस अमित महाजन ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का खुलासा तभी उचित ठहराया जा सकता है, जब उसमें स्पष्ट रूप से सार्वजनिक हित का तत्व मौजूद हो। किसी अभ्यर्थी की केवल अपने प्रदर्शन का दोबारा आकलन करने की इच्छा पूरी करने के लिए ऐसा आदेश नहीं दिया जा सकता।
कोर्ट ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 की अभ्यर्थी मेघा जोशी की याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। याचिका में उन्होंने निबंध सहित मुख्य परीक्षा के सभी विषयों की जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की प्रमाणित प्रतियां और उनका निरीक्षण करने की अनुमति मांगी थी।
मेघा जोशी ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 में हिस्सा लिया था। उन्होंने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण की और उन्हें व्यक्तित्व परीक्षण के लिए बुलाया गया।
हालांकि, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से 23 जनवरी 2023 को जारी एक पत्र में उनका रोल नंबर '0106438' लिखने के बजाय गलती से '106438' दर्ज कर दिया गया। इसमें शुरुआती अंक '0' छूट गया।
अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद मेघा ने निबंध विषय में अप्रत्याशित रूप से कम अंक देखे। उन्हें आशंका हुई कि उनके सही रोल नंबर के सामने अंक दर्ज करते समय भी इसी तरह की गलती हुई हो सकती है। इसके बाद उन्होंने RTI आवेदन दाखिल कर मुख्य परीक्षा के सभी विषयों की जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की प्रमाणित प्रतियां और निरीक्षण की मांग की।
UPSC ने उनका अनुरोध यह कहते हुए खारिज कर दिया कि अभ्यर्थियों को सामान्य तौर पर जांची गई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। हालांकि, आयोग ने उन्हें बताया कि उनकी निबंध की उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच की गई है। इसमें कोई उत्तर बिना जांचे नहीं छोड़ा गया, उत्तर पुस्तिका पूरी तरह सुरक्षित थी और अंकों के जोड़ या किसी अन्य लिपिकीय त्रुटि का पता नहीं चला।
हाईकोर्ट के समक्ष मेघा ने दलील दी कि UPSC ने अपने जवाबी हलफनामे में स्वीकार किया है कि परीक्षा में सफल हुए 362 अभ्यर्थियों के रोल नंबर गलत दर्ज किए गए। उनके अनुसार, इस विसंगति से यह उचित आशंका पैदा होती है कि उनके अंक दर्ज करने में भी इसी तरह की गलती हुई हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका मामला सुप्रीम कोर्ट के फैसले UPSC बनाम अंगेश कुमार में मान्यता प्राप्त अपवाद के अंतर्गत आता है, जिसके तहत सार्वजनिक हित की आवश्यकता होने पर परीक्षा से संबंधित जानकारी का खुलासा किया जा सकता है।
इसके विपरीत, UPSC ने दलील दी कि शुरुआती अंक छूटने की गलती DoPT की ओर से सभी 362 अभ्यर्थियों के संबंध में जारी चिकित्सा परीक्षण से जुड़े पत्रों में हुई लिपिकीय त्रुटि थी। इसका उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन या अंकों की प्रविष्टि पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
जस्टिस महाजन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले UPSC बनाम अंगेश कुमार का हवाला दिया। इसमें पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ वित्तीय संसाधनों के उचित उपयोग तथा संवेदनशील सूचनाओं की गोपनीयता के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि सिविल सेवा परीक्षा के अंकों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश यांत्रिक तरीके से नहीं दिया जा सकता। हालांकि, उचित मामले में सार्वजनिक हित इसकी मांग करता हो तो जानकारी के खुलासे का आदेश दिया जा सकता है।
इन सिद्धांतों को लागू करते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि UPSC ने स्पष्ट कर दिया है कि मेघा के रोल नंबर का शुरुआती अंक छूटना केवल लिपिकीय त्रुटि थी और इससे उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन या अंकों की प्रविष्टि पर कोई असर नहीं पड़ा।
पीठ ने कहा,
“इस न्यायालय की राय में याचिकाकर्ता की यह आशंका अपने आप में अंगेश कुमार मामले में मान्यता प्राप्त अपवाद के तहत जानकारी के खुलासे के लिए आवश्यक सार्वजनिक हित का मामला नहीं बनाती।”
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों CBSE बनाम आदित्य बंदोपाध्याय और मृदुल मिश्रा बनाम अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पर मेघा की निर्भरता को भी खारिज कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि अन्य शैक्षणिक संस्थाओं की ओर से आयोजित परीक्षाओं की स्थिति UPSC सिविल सेवा परीक्षा से अलग हो सकती है।
पीठ ने कहा,
“याचिकाकर्ता का दावा पूरी तरह उसके व्यक्तिगत अधिकारों पर आधारित है और इसमें ऐसा कोई प्रदर्शित सार्वजनिक हित नहीं है, जो UPSC सिविल सेवा परीक्षा की उसकी उत्तर पुस्तिकाओं के खुलासे को उचित ठहरा सके। इसलिए इस मामले में न्यायालय के असाधारण और विवेकाधीन अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करने का कोई कारण नहीं है।”
इसी के साथ हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की।

