वकील को 'धोखेबाज' कहने के आरोप में सीनियर एडवोकेट पिनाकी मिश्रा के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला रद्द

  • वकील को धोखेबाज कहने के आरोप में सीनियर एडवोकेट पिनाकी मिश्रा के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला रद्द

    दिल्ली हाईकोर्ट ने सीनियर एडवोकेट और पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा के खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि का मामला रद्द किया।

    बता दें, मिश्रा पर आरोप था कि उन्होंने एक वकील को 'धोखेबाज' कहा था। संबंधित वकील ने उनके खिलाफ दिल्ली बार काउंसिल में पेशेवर कदाचार की शिकायत दर्ज कराई।

    जस्टिस सचिन दत्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता ऐसा कोई साक्ष्य पेश नहीं कर सका, जिससे प्रथम दृष्टया यह साबित हो कि कथित मानहानिकारक टिप्पणी से दूसरे लोगों की नजर में उसकी प्रतिष्ठा कम हुई। भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 499 के स्पष्टीकरण 4 के तहत मानहानि साबित करने के लिए यह आवश्यक है।

    अदालत ने पाया कि शिकायतकर्ता ने न तो ऐसे किसी व्यक्ति का नाम बताया, जिसने कथित टिप्पणी वाली अखबार की खबर पढ़ी हो और न ही समन जारी होने से पहले की साक्ष्य प्रक्रिया के दौरान खुद के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को गवाह के रूप में पेश किया।

    जस्टिस दत्ता ने कहा,

    “यह स्पष्ट है कि प्रतिवादी संख्या 2 की शिकायत इस आधार पर है कि प्रकाशन से उसकी छवि खराब हुई। हालांकि, उसने ऐसे किसी व्यक्ति का नाम नहीं बताया जिसने खबर पढ़ी हो या जिसकी नजर में उसकी प्रतिष्ठा कम हुई हो। समन से पहले साक्ष्य दर्ज किए जाने के चरण में उसने खुद के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की गवाही भी नहीं कराई।”

    मामला पिनाकी मिश्रा और अधिवक्ता सिद्धार्थ सिंह के बीच राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में चल रही कार्यवाही से जुड़े विवाद से संबंधित था। उस समय मिश्रा लोकसभा सांसद और शहरी विकास संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष थे। वह NGT में ई-कचरा प्रबंधन से जुड़े मामले में कुछ बिजली वितरण कंपनियों की ओर से पेश हो रहे थे।

    विपक्षी पक्ष की ओर से पेश हुए अधिवक्ता सिद्धार्थ सिंह ने मिश्रा की पेशी पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि मिश्रा की अध्यक्षता वाली संसदीय स्थायी समिति ने उसी मुद्दे पर बिजली वितरण कंपनियों के खिलाफ प्रतिकूल सिफारिशें की थीं, इसलिए उनके सामने पेश होने में हितों का टकराव था।

    इसके बाद सिंह ने मिश्रा के खिलाफ दिल्ली बार काउंसिल में पेशेवर कदाचार की शिकायत दर्ज कराई।

    27 अगस्त 2018 को द इकोनॉमिक टाइम्स में इस शिकायत से संबंधित खबर प्रकाशित हुई। इसमें मिश्रा के हवाले से शिकायतकर्ता को कथित तौर पर 'धोखेबाज' कहे जाने का उल्लेख था।

    सिंह ने दावा किया कि इस टिप्पणी से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कानूनी नोटिस भेजकर बिना शर्त माफी की मांग की और बाद में IPC की धारा 499 और 500 के तहत आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई।

    दिल्ली बार काउंसिल ने 16 नवंबर 2018 को मिश्रा के खिलाफ पेशेवर कदाचार की शिकायत खारिज की। हालांकि, 20 अप्रैल 2019 को राउज एवेन्यू अदालत के अतिरिक्त मुख्य महानगर दंडाधिकारी ने आपराधिक मानहानि के आरोप में मिश्रा को समन जारी किया। मिश्रा ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी।

    मिश्रा की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट रेबेका एम. जॉन ने दलील दी कि आपराधिक मानहानि के आवश्यक तत्व साबित नहीं किए गए। शिकायतकर्ता ने केवल अपनी गवाही दी और ऐसा कोई गवाह पेश नहीं किया, जिससे यह साबित हो कि दूसरों की नजर में उसकी प्रतिष्ठा कम हुई।

    उन्होंने यह भी बताया कि इसी विवाद से जुड़ी एक अन्य मानहानि शिकायत को हाईकोर्ट की समन्वय पीठ 25 अगस्त 2026 को पहले ही रद्द कर चुकी है।

    मामले पर विचार करते हुए हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों जेफ्री जे. डियरमायर बनाम पश्चिम बंगाल राज्य और जयदीप बोस बनाम मेसर्स बिड एंड हैमर ऑक्शनियर्स प्राइवेट लिमिटेड का उल्लेख किया। इन फैसलों में IPC की धारा 499 के स्पष्टीकरण 4 के तहत प्रतिष्ठा को हुए नुकसान साबित करने की आवश्यकता पर विचार किया गया।

    हाईकोर्ट ने यह भी ध्यान दिया कि इसी विवाद से जुड़ी दूसरी शिकायत रद्द करते समय समन्वय पीठ ने पाया कि ऐसा कोई साक्ष्य नहीं था, जिससे साबित हो कि कथित टिप्पणी से शिकायतकर्ता की प्रतिष्ठा दूसरे लोगों की नजर में कम हुई।

    उस मामले में अदालत ने यह भी रेखांकित किया था कि खबर के रिपोर्टर, लेखक या प्रकाशन से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति की गवाही नहीं कराई गई, जिससे यह साबित हो सके कि मिश्रा ने वास्तव में कथित टिप्पणी की थी।

    जस्टिस दत्ता ने कहा कि पहले के फैसले में अपनाया गया तर्क मौजूदा मामले पर भी पूरी तरह लागू होता है। अदालत ने यह भी नोट किया कि सिद्धार्थ सिंह को कई अवसर दिए जाने के बावजूद वह कार्यवाही में बार-बार उपस्थित नहीं हुए।

    उनके जवाबी हलफनामे में भी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने के दावे के समर्थन में साक्ष्य न होने की कमी का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

    अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि इसी विवाद से जुड़े दूसरे मानहानि मामले में समन जारी करने का आदेश समान आधारों पर पहले ही रद्द किया जा चुका है। इन परिस्थितियों में हाईकोर्ट ने मिश्रा के खिलाफ समन आदेश निरस्त करते हुए आपराधिक मानहानि की शिकायत भी रद्द की।

    अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story