PCPNDT Act के तहत पुलिस की चार्जशीट पर लिया गया अवैध संज्ञान बाद में अथॉरिटी की शिकायत से वैध नहीं हो सकता: दिल्ली हाईकोर्ट
Amir Ahmad
23 Nov 2026 2:57 PM IST

दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि गर्भधारण-पूर्व और प्रसव-पूर्व निदान तकनीक (जेंडर चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 यानी PCPNDT Act के तहत पुलिस की चार्जशीट के आधार पर मजिस्ट्रेट द्वारा लिया गया संज्ञान कानूनी रूप से गलत है।
बाद में सक्षम प्राधिकारी की ओर से शिकायत दाखिल कर देने से संज्ञान लेने की शुरुआती अवैधता दूर नहीं हो सकती।
जस्टिस सचिन दत्ता ने कहा कि PCPNDT एक्ट की धारा 28 के तहत इस कानून के अपराधों का संज्ञान केवल निर्धारित तरीके से दाखिल की गई शिकायत पर ही लिया जा सकता है।
पुलिस की चार्जशीट के आधार पर संज्ञान लेने पर लगी वैधानिक रोक का उल्लंघन मजिस्ट्रेट के अधिकार क्षेत्र से जुड़ी गंभीर खामी है। इसे बाद में दाखिल शिकायत के जरिए पिछली तारीख से ठीक नहीं किया जा सकता।
अदालत ने यह टिप्पणी नरेश कुमार गुप्ता और उनकी एकल स्वामित्व वाली फर्म मास्टर्स मेडिकल इक्विपमेंट की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए की।
याचिकाकर्ताओं ने PCPNDT Act के तहत शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही और उससे जुड़े आदेशों को चुनौती दी थी।
मामले की शुरुआत दिल्ली के पश्चिमी जिले के PC & PNDT सेल की जिला निरीक्षण एवं निगरानी समिति की ओर से किए गए निरीक्षण से हुई। इस दौरान कुछ दस्तावेज जब्त किए गए। अधिकारियों का आरोप था कि फर्म बिना अनिवार्य पंजीकरण के MRI मशीनों और अन्य मेडिकल उपकरणों की अनधिकृत बिक्री, वितरण और कारोबार कर रही थी।
इसके बाद PCPNDT Act की धारा 25 के तहत FIR दर्ज की गई। जांच पूरी होने पर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की और उसमें Act की धारा 23 भी जोड़ दी। मजिस्ट्रेट ने पुलिस की चार्जशीट के आधार पर अपराधों का संज्ञान ले लिया। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने PCPNDT एक्ट की धारा 28 के तहत अलग से शिकायत दाखिल की।
ट्रायल कोर्ट ने कहा कि पुलिस की चार्जशीट पर पहले ही संज्ञान लिया जा चुका है और यह महत्वपूर्ण नहीं है कि संज्ञान पुलिस रिपोर्ट के आधार पर लिया गया या शिकायत के आधार पर। इसी आधार पर उसने कार्यवाही को शिकायत मामले के रूप में जारी रखने का निर्देश दिया।
इसके बाद याचिकाकर्ताओं के खिलाफ PCPNDT Act की धाराओं 25 और 26 के साथ धारा 3B के तहत आरोप तय कर दिए गए।
हाईकोर्ट में याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि धारा 28 स्पष्ट रूप से पुलिस रिपोर्ट के आधार पर संज्ञान लेने पर रोक लगाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सक्षम प्राधिकारी की बाद में दाखिल शिकायत पर स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया गया।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले उत्तर प्रदेश राज्य बनाम बृज पाल सिंह (2026) का हवाला दिया। इस फैसले में कहा गया कि PCPNDT Act के अपराधों की जांच में पुलिस मुख्य जांच एजेंसी के रूप में काम नहीं कर सकती और मजिस्ट्रेट केवल पुलिस की चार्जशीट के आधार पर इस कानून के अपराधों का संज्ञान नहीं ले सकता।
अदालत ने अपने पहले के फैसलों मनोज कृष्ण आहूजा बनाम राज्य (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली) और उर्वशी फाके बनाम राज्य (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली) का भी उल्लेख किया।
इन फैसलों में स्पष्ट किया गया कि सक्षम प्राधिकारी की ओर से बाद में दाखिल शिकायत के जरिए पुलिस रिपोर्ट पर पहले ही अवैध रूप से लिए गए संज्ञान को वैध नहीं बनाया जा सकता।
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि वैधानिक रोक से बचने के लिए पुलिस रिपोर्ट और सक्षम प्राधिकारी की शिकायत को मिलाकर एक साथ नहीं देखा जा सकता।
इन सिद्धांतों के आधार पर अदालत ने मजिस्ट्रेट द्वारा पुलिस की चार्जशीट पर लिया गया संज्ञान रद्द कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने यह मानकर गलती की कि संज्ञान लेने का तरीका महत्वपूर्ण नहीं है। ऐसा करते समय उसने PCPNDT Act की धारा 28 में लगाई गई स्पष्ट रोक पर ध्यान नहीं दिया।
हालांकि, हाईकोर्ट ने सक्षम प्राधिकारी की शिकायत को खारिज नहीं किया।
अदालत ने मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वह धारा 28 के तहत दाखिल इस शिकायत पर नए सिरे से विचार करे और कानून के अनुसार निर्णय ले।

