ध्रुव राठी के वीडियो पर 15 दिन में फैसला करे केंद्र की अपीलीय समिति: दिल्ली हाईकोर्ट

Amir Ahmad

3 July 2026 3:24 PM IST

  • ध्रुव राठी के वीडियो पर 15 दिन में फैसला करे केंद्र की अपीलीय समिति: दिल्ली हाईकोर्ट

    दिल्ली हाईकोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के हिंदू देवी-देवताओं से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो को हटाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार की शिकायत अपीलीय समिति को 15 दिनों के भीतर अपील का निस्तारण करने का निर्देश दिया।

    जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने वकील अमिता सचदेवा की ओर से दायर याचिका का निपटारा करते हुए कहा कि अपीलीय समिति इस मामले में प्राप्त आदेश की तारीख से 15 दिन के भीतर फैसला करे।

    अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि याचिकाकर्ता को इसके बाद भी कोई शिकायत रहती है तो वह नई याचिका दाखिल कर सकती हैं।

    मामला ध्रुव राठी द्वारा 21 मार्च को प्रकाशित वीडियो 'क्या हिंदू गोमांस खा सकते हैं? केरल स्टोरी-2 का सच' से जुड़ा है। इस वीडियो में उन्होंने हिंदू धर्मग्रंथों में खान-पान की परंपराओं पर चर्चा करते हुए यह दावा किया था कि प्राचीन ग्रंथों और ऋषियों के उल्लेखों में भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के मांसाहार का भी जिक्र मिलता है।

    अमिता सचदेवा ने अपनी याचिका में कहा कि यह वीडियो अत्यंत आपत्तिजनक, भड़काऊ और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने शिकायत अपीलीय समिति को वीडियो हटाने संबंधी उनकी अपील पर निर्णय लेने का निर्देश देने की मांग की थी।

    इस वीडियो को लेकर उन्होंने ध्रुव राठी के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज कराया।

    सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में अपमानजनक सामग्री है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

    उन्होंने कहा कि या तो संबंधित मध्यस्थ स्वयं वीडियो हटाए या फिर इस संबंध में न्यायिक आदेश पारित किया जाए।

    वहीं, गूगल एलएलसी की ओर से पेश वकील ने कहा कि शिकायत अपीलीय समिति को अपील का शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया जाए और कंपनी अदालत के आदेश का पालन करेगी।

    इसके बाद हाईकोर्ट ने याचिका का निस्तारण करते हुए शिकायत अपीलीय समिति को 15 दिनों के भीतर अपील पर निर्णय लेने का निर्देश दिया।

    अदालत ने यह भी कहा कि उसके आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।

    Next Story