स्वायत्त संस्थाओं के रिटायर कर्मचारियों को CGHS सुविधा जारी रखने का स्वतः अधिकार नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट

  • स्वायत्त संस्थाओं के रिटायर कर्मचारियों को CGHS सुविधा जारी रखने का स्वतः अधिकार नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट

    दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि किसी स्वायत्त संस्था के ऐसे कर्मचारी, जिन्हें सेवा के दौरान केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) का लाभ मिलता था, सेवानिवृत्ति के बाद भी इस सुविधा को जारी रखने का स्वतः अधिकार नहीं रखते।

    जस्टिस अमित महाजन ने कहा कि सेवारत कर्मचारियों को CGHS के तहत कवर किया जाना संबंधित स्वायत्त संस्था के लिए अपने रिटायर कर्मचारियों तक इस सुविधा का विस्तार मांगने की पात्रता की आवश्यक शर्त है। हालांकि, इससे प्रत्येक रिटायर कर्मचारी के पक्ष में सुविधा जारी रखने का व्यक्तिगत और स्वतः अधिकार पैदा नहीं होता।

    अदालत ने भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (IIPA) के एक रिटायर कर्मचारी की याचिका खारिज की। याचिकाकर्ता ने सेवा के दौरान CGHS सुविधाओं का लाभ लिया था। उसने अपने और IIPA के अन्य पेंशनभोगियों के लिए सेवानिवृत्ति के बाद भी यह सुविधा जारी रखने की मांग की थी।

    याचिकाकर्ता ने दलील दी कि रिटायरमेंट के बाद, जब मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत अधिक होती है, स्वास्थ्य सुविधा वापस लेना मनमाना और भेदभावपूर्ण है। उसने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के 10 जून 2014 के कार्यालय ज्ञापन पर भरोसा किया, जिसमें स्वायत्त और वैधानिक संस्थाओं के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को CGHS सुविधा देने का प्रावधान है।

    उसका कहना था कि IIPA मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने से इनकार करके अपने रिटायर कर्मचारियों के दावे को विफल नहीं कर सकता।

    हालांकि, हाईकोर्ट ने गौर किया कि कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, जो संस्थाएं अपने रिटायर कर्मचारियों को CGHS सुविधा देना चाहती हैं, वे निर्धारित शर्तें स्वीकार कर मंत्रालय को प्रस्ताव भेज सकती हैं।

    जस्टिस महाजन ने कहा कि ज्ञापन में जानबूझकर 'सुविधा का विस्तार करने की इच्छुक संस्थाएं' शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसका उद्देश्य प्रत्येक संस्था को यह आकलन करने का विकल्प देना है कि क्या वह इससे जुड़ी वित्तीय जिम्मेदारी उठा सकती है।

    IIPA ने अदालत के समक्ष बीमांकिक अध्ययन (एक्चुरियल स्टडी) पेश किया। इसमें अनुमान लगाया गया कि रिटायर कर्मचारियों को CGHS सुविधा देने पर संस्थान को 10 वर्षों में 20 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करना पड़ेगा। संस्थान ने कहा कि इस खर्च का पूरा बोझ उसे ही उठाना होगा और वह अपने मौजूदा खर्चों को पूरा करने में भी मुश्किल का सामना कर रहा है।

    हाईकोर्ट ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को अपने विवेकाधिकार का इस्तेमाल निष्पक्ष तरीके से करना चाहिए। हालांकि, योजना का कल्याणकारी उद्देश्य अदालत को किसी संस्था पर केवल इसलिए कोई नीति अपनाने के लिए बाध्य करने का अधिकार नहीं देता कि ऐसा करना वांछनीय प्रतीत होता है।

    अदालत ने अन्य स्वायत्त संस्थाओं के रिटायर कर्मचारियों के साथ समानता के आधार पर याचिकाकर्ता की मांग भी खारिज की। बेंच ने कहा कि कुछ संस्थाओं द्वारा अपने पेंशनभोगियों को CGHS सुविधा दिए जाने भर से यह साबित नहीं होता कि उन संस्थाओं के सेवा नियम, वित्तपोषण की व्यवस्था या वित्तीय दायित्व IIPA के समान हैं।

    स्वायत्त संस्थाओं के रिटायर कर्मचारियों को CGHS सुविधा जारी रखने का स्वतः अधिकार नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट

    इसी आधार पर हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की।

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story