केजरीवाल समेत AAP नेताओं के खिलाफ अवमानना मामले में हाईकोर्ट ने राजदीपा बेहरा को बनाया एमिक्स क्यूरी
Amir Ahmad
22 May 2026 1:51 PM IST

दिल्ली हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख नेताओं के खिलाफ चल रही स्वत: संज्ञान आपराधिक अवमानना कार्यवाही में सीनियर एडवोकेट राजदीपा बेहरा को एमिक्स क्यूरी नियुक्त किया। यह मामला जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो साझा करने से जुड़ा है।
जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंदर डुडेजा की खंडपीठ ने मंगलवार को मामले में नोटिस जारी किया।
अदालत ने सभी कथित अवमाननाकारियों को जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए कहा,
“अदालत की सहायता के लिए सीनियर एडवोकेट राजदीपा बेहरा को एमिक्स क्यूरी नियुक्त किया जाता है। रजिस्ट्री उन्हें मामले से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए।”
अवमानना कार्यवाही अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, विनय मिश्रा, दुर्गेश पाठक और सौरभ भारद्वाज के खिलाफ शुरू की गई।
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा आबकारी नीति मामले में CBI की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थीं, जिसमें सभी आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले को चुनौती दी गई। बाद में उन्होंने यह मामला दूसरी पीठ को स्थानांतरित किया।
बताया गया कि अवमानना की कार्यवाही तब शुरू की गई, जब अदालत ने पुनर्विचार और सुनवाई से अलग होने की मांग से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो का संज्ञान लिया। इससे पहले जस्टिस शर्मा ने केजरीवाल और अन्य नेताओं की पुनर्विचार संबंधी अर्जियां खारिज की थीं।
गौरतलब है कि 27 फरवरी को ट्रायल कोर्ट ने आबकारी नीति मामले में सभी 23 आरोपियों को बरी किया था। इनमें केजरीवाल, सिसोदिया और के. कविता भी शामिल थीं। ट्रायल कोर्ट ने अपने फैसले में CBI जांच पर कड़ी टिप्पणी भी की थी।

