पर्सनैलिटी राइट्स के लिए दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचीं एक्ट्रेस तब्बू

Amir Ahmad

4 Aug 2026 1:51 PM IST

  • पर्सनैलिटी राइट्स के लिए दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचीं एक्ट्रेस तब्बू

    बॉलीवुड एक्ट्रेस तबस्सुम जमाल हाशमी उर्फ तब्बू ने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने अपनी पहचान, नाम, छवि और अन्य व्यक्तिगत विशेषताओं के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग करते हुए याचिका दायर की।

    मंगलवार को मामले की सुनवाई जस्टिस ज्योति सिंह के समक्ष हुई। सुनवाई के दौरान तब्बू की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट स्वाति सुकुमार से कोर्ट ने पक्षकारों का संशोधित विवरण दाखिल करने को कहा।

    हाईकोर्ट ने पाया कि याचिका में कुछ प्रतिवादियों का विवरण सही तरीके से दर्ज नहीं किया गया। इसी कारण अदालत ने नया पक्षकार विवरण दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 6 अगस्त के लिए निर्धारित की।

    गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट हाल के समय में कई प्रसिद्ध हस्तियों के पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा से जुड़े मामलों में अंतरिम राहत दे चुका है। इनमें क्रिकेटर अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह, कांग्रेस नेता शशि थरूर, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, उद्योगपति अमन गुप्ता, अभिनेता अल्लू अर्जुन, मोहनलाल, काजोल, आर. माधवन, एनटीआर जूनियर, आध्यात्मिक प्रवचनकर्ता अनिरुद्धाचार्य, गायक जुबिन नौटियाल, पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर तथा अभिनेता सलमान खान जैसे नाम शामिल हैं।

    इसी प्रकार अदालत ने श्री श्री रविशंकर, अभिनेता नागार्जुन, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, फिल्म निर्माता करण जौहर, पत्रकार सुधीर चौधरी और पॉडकास्टर राज शमानी के व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए भी आदेश पारित किए।

    लेख को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story