दिल्ली हाईकोर्ट में केजरीवाल व आप नेताओं के खिलाफ शिकायत, कोर्ट कार्यवाही के कथित अनधिकृत प्रसारण पर विवाद

Amir Ahmad

15 April 2026 12:56 PM IST

  • दिल्ली हाईकोर्ट में केजरीवाल व आप नेताओं के खिलाफ शिकायत, कोर्ट कार्यवाही के कथित अनधिकृत प्रसारण पर विवाद

    दिल्ली हाईकोर्ट में आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पार्टी के कई नेताओं और पत्रकार रवीश कुमार के खिलाफ शिकायत दायर की गई। आरोप है कि इन्होंने न्यायालय की कार्यवाही का कथित रूप से अनधिकृत रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।

    यह शिकायत एडवोकेट वैभव सिंह द्वारा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष दायर की गई। शिकायत में कहा गया कि 13 अप्रैल को जस्टिस स्वर्णा कांत शर्मा की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान जब केजरीवाल व्यक्तिगत रूप से पेश होकर जस्टिस से खुद को मामले से अलग करने की मांग कर रहे थे उस कार्यवाही की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की गई।

    शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह की रिकॉर्डिंग दिल्ली हाईकोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने इस मामले में विस्तृत जांच और संबंधित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    गौरतलब है कि 13 अप्रैल को जस्टिस शर्मा ने उस याचिका पर आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिसमें केजरीवाल और अन्य आरोपियों ने उनसे मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने का अनुरोध किया था। यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा दायर उस पुनरीक्षण याचिका से जुड़ा है, जिसमें आबकारी नीति मामले में आरोपियों को मिली राहत को चुनौती दी गई।

    शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि नेताओं ने जानबूझकर न्यायालय की छवि खराब करने और जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से इस सामग्री को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर प्रसारित किया।

    वकील वैभव सिंह ने आरोप लगाया कि यह सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य न्यायपालिका की छवि को नुकसान पहुंचाना और यह संदेश देना है कि न्यायालय किसी दबाव में कार्य कर रहा है।

    शिकायत में मनीष सिसोदिया संजय सिंह सहित कई अन्य नेताओं के नाम भी शामिल किए गए।

    फिलहाल इस मामले में हाईकोर्ट की ओर से कोई अंतिम निर्णय नहीं आया है लेकिन यह मामला न्यायालय की कार्यवाही की गोपनीयता और नियमों के पालन को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रश्न खड़ा करता है।

    Next Story