रोहिणी कोर्ट में गोलीबारी: एडवोकेट्स एसोसिएशन बेंगलुरु ने 'एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट' लागू करने के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा
LiveLaw News Network
30 Sept 2021 5:27 AM

एडवोकेट्स एसोसिएशन ऑफ बेंगलुरु ने नई दिल्ली में रोहिणी कोर्ट परिसर के अंदर हुई गोलीबारी की घटना के मद्देनजर मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई को पत्र लिखकर कर्नाटक के सभी न्यायालयों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान करने और 'एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट' अध्यादेश लाने की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट एपी रंगनाथ द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है,
"यह आपके संज्ञान में लाना है कि रोहिणी कोर्ट परिसर नई दिल्ली में पिछले सप्ताह हुई घटना वस्तुतः न्यायपालिका पर हमला है। इस तरह की घटनाएं आने वाले लोगों में भय मनोविकृति पैदा करती हैं। कानून की अदालत यानी न्यायपालिका पर लोगों के विश्वास को भी कम करती है।"
आगे कहा गया है,
"24.09.2021 की रोहिणी कोर्ट की भयानक गोलीबारी की घटना न्यायपालिका/अदालत में असामाजिक तत्वों की स्वतंत्र गतिविधियों का प्रमाण है। अदालत परिसर में गोली चलाना एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर मुद्दा है।"
पत्र में मुख्यमंत्री से एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को जल्द से जल्द अधिनियमित करने और राज्य भर की सभी अदालतों को पर्याप्त सुरक्षा देने के लिए एक अध्यादेश लाने का अनुरोध किया गया है।