झारखंड, तमिलनाडु एंड पुडुचेरी बार काउंसिल ने झारखंड के न्यायाधीश उत्तम आनंद की कथित हत्या की निंदा की

LiveLaw News Network

30 July 2021 4:16 AM GMT

  • झारखंड, तमिलनाडु एंड पुडुचेरी बार काउंसिल ने झारखंड के न्यायाधीश उत्तम आनंद की कथित हत्या की निंदा की

    झारखंड, तमिलनाडु एंड पुडुचेरी बार काउंसिल ने धनबाद जिले के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) उत्तम आनंद की कथित हत्या की निंदा की। अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) उत्तम आनंद की बुधवार को दिनदहाड़े एक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।

    झारखंड बार काउंसिल ने यह भी निर्णय लिया है कि शुक्रवार को पूरे राज्य के अधिवक्ता एकजुटता दिखाने के लिए न्यायिक कार्यों से दूर रहेंगे और दोषियों को कानूनी प्रक्रिया के अधीन लाने और सजा की मांग करेंगे।

    झारखंड राज्य बार काउंसिल के प्रस्ताव में कहा है कि,

    "काउंसिल ने सर्वसम्मति से हत्या की निंदा की और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। यह निर्णय लिया गया है कि 30 जुलाई, 2021 को पूरे राज्य के अधिवक्ता एकजुटता दिखाने के लिए न्यायिक कार्यों से दूर रहेंगे और दोषियों को कानूनी प्रक्रिया के अधीन करने और सजा की मांग करेंगे। कानून और व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एक सख्त कानून तत्काल लागू किया जाए।"

    तमिलनाडु एंड पुडुचेरी बार काउंसिल ने भी न्यायाधीश उत्तम आनंद की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की।

    तमिलनाडु एंड पुडुचेरी बार काउंसिल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस प्रकार कहा कि,

    "अगर इस तरह की नृशंस हत्या को रोका नहीं जाएगा तो यह न्यायपालिका के अस्तित्व और कानून के शासन के अस्तित्व के लिए एक चुनौती होगी और यह न्यायपालिका के लिए एक सीधा खतरा होगा।"

    काउंसिल ने इस तरह के अपराधियों से निपटने के लिए एक विशेष जांच दल और विशेष अदालतों की स्थापना का भी आह्वान किया है।

    प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि,

    "राज्य सरकारें यह सुनिश्चित करें कि न्यायपालिका और न्याय वितरण प्रणाली की रक्षा के लिए न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के खिलाफ इस प्रकार के अत्याचार को प्रारंभिक चरण में ही कम किया जाना चाहिए। इसके अलावा न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त सुरक्षा आवश्यक है।"

    बुधवार को दिनदहाड़े तीन पहिया वाहन की चपेट में आने से जज उत्तम आनंद की मौत हो गई। इस घटना एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इन फुटेज में देखा जा सकता है कि आनंद सुबह की सैर पर निकले थे, जब धनबाद मजिस्ट्रेट कॉलोनी के पास एक वाहन ने उन्हें जानबूझकर टक्कर मार दी।

    घटना के सीसीटीवी फुटेज में घटना से ठीक पहले और बाद में एक तिपहिया वाहन पर एक अज्ञात व्यक्ति सवार दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि वह शामिल साजिशकर्ताओं में से एक हो सकता है।

    Next Story