गोवा नाइटक्लब आग कांड में लूथरा बंधुओं को जमानत, NOC जालसाजी मामले में अभी जेल में रहेंगे

Amir Ahmad

1 April 2026 3:43 PM IST

  • गोवा नाइटक्लब आग कांड में लूथरा बंधुओं को जमानत, NOC जालसाजी मामले में अभी जेल में रहेंगे

    गोवा के चर्चित नाइटक्लब आग हादसे में बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मेरसेस स्थित सेशन कोर्ट ने बुधवार को बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जमानत दी। बता दें, इस भीषण हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी।

    लूथरा बंधुओं की ओर से पेश एडवोकेट तुषाण रावल ने जानकारी देते हुए कहा,

    “सेशन कोर्ट ने नाइटक्लब आग मामले में नियमित जमानत दी लेकिन फिलहाल उनकी रिहाई नहीं होगी, क्योंकि मापुसा पुलिस ने उन्हें NOC जालसाजी मामले में हिरासत में लिया हुआ है।”

    गौरतलब है कि उत्तरी गोवा के अर्पोरा क्षेत्र में स्थित इस नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल थे। कई लोग इस हादसे में घायल भी हुए थे।

    घटना के बाद लूथरा बंधु थाईलैंड फरार हो गए। बाद में इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू नोटिस जारी किया, जिसके बाद उन्हें वापस भारत लाया गया और गिरफ्तार किया गया।

    इससे पहले 27 मार्च को मापुसा की सेशन कोर्ट ने NOC जालसाजी मामले में उन्हें अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। आरोप है कि दोनों ने स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षर और NOC में कथित जालसाजी कर शराब परोसने का लाइसेंस हासिल किया था। इस मामले में उनके खिलाफ आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराएं भी लगी हैं।

    हालांकि, आग हादसे से जुड़े मामले में अब उन्हें जमानत मिल गई लेकिन NOC जालसाजी प्रकरण में गिरफ्तारी के चलते फिलहाल उन्हें जेल में ही रहना होगा।

    Next Story