वॉल्यूम 1 गीत पर हाईकोर्ट की सख्ती, अश्लील और आपत्तिजनक बताकर तत्काल हटाने का आदेश

Amir Ahmad

2 April 2026 4:41 PM IST

  • वॉल्यूम 1 गीत पर हाईकोर्ट की सख्ती, अश्लील और आपत्तिजनक बताकर तत्काल हटाने का आदेश

    दिल्ली हाईकोर्ट ने गायक हनी सिंह और बादशाह के पुराने विवादित गीत वॉल्यूम 1 को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से तत्काल हटाने का आदेश दिया।

    जस्टिस पुरुषेन्द्र कौर्व ने कहा कि गीत के बोल अत्यंत अश्लील, अभद्र और महिलाओं के प्रति अपमानजनक हैं, जिन्हें किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

    अदालत ने निर्देश दिया कि इस गीत से जुड़े सभी लिंक, रीमिक्स या अन्य संस्करणों को सोशल मीडिया, म्यूजिक प्लेटफॉर्म और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से तुरंत हटाया जाए। साथ ही गीत से जुड़े सभी अधिकार धारकों को भी इस आदेश का पालन करने को कहा गया।

    सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की कि गीत का शीर्षक तक आदेश में लिखना उचित नहीं है और यह सामग्री अदालत की अंतरात्मा को झकझोरने वाली है।

    यह मामला हिंदू शक्ति दल की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया, जिसमें यूट्यूब, गूगल और स्पॉटिफाई जैसे प्लेटफॉर्म से इस गीत को हटाने की मांग की गई।

    अदालत ने कहा कि इस प्रकार की सामग्री, जो सभी आयु वर्ग विशेषकर बच्चों के लिए सुलभ है, उसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर उचित नहीं ठहराया जा सकता।

    हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को भी निर्देश दिया कि यदि याचिकाकर्ता अतिरिक्त लिंक उपलब्ध कराता है तो संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को उन्हें हटाने के निर्देश दिए जाएं।

    मामले की अगली सुनवाई 7 मई को होगी।

    Next Story