ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन के विशिष्ट आरोपों के अभाव में धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने के लिए विधानमंडल को सिफारिश नहीं कर सकते : दिल्ली हाईकोर्ट

LiveLaw News Network

25 July 2022 6:08 PM IST

  • ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन के विशिष्ट आरोपों के अभाव में धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने के लिए विधानमंडल को सिफारिश नहीं कर सकते : दिल्ली हाईकोर्ट

    दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को मौखिक रूप से कहा कि वह सरकार को धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने का निर्देश नहीं दे सकता, खासकर जब जबरन धर्मांतरण के उदाहरणों को इंगित करने वाली किसी भी सामग्री का अभाव हो।

    जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस तुषार राव गेडेला की खंडपीठ एडवोकेट अश्विनी उपाध्याय द्वारा दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें केंद्र और दिल्ली सरकार को ज़बरदस्ती धर्मांतरण पर रोक लगाने वाले कानून बनाने का निर्देश देने की मांग की गई थी, जो याचिकाकर्ता के अनुसार दिल्ली में एक गंभीर समस्या बन गई है।

    कोर्ट ने कहा कि आरोप अगर सही हैं तो बेहद गंभीर हैं। हालांकि, कोर्ट ने कहा कि आरोप केवल आशंका के आधार पर "निराधार दावे" हैं और केवल इसी आधार पर कार्रवाई तब की जा सकती है जबकि इसे प्रमाणित करने के लिए रिकॉर्ड पर कुछ सामग्री लाई जाए।

    एडवोकेट उपाध्याय ने प्रस्तुत किया कि संगठन, अक्सर विदेशी राष्ट्रों द्वारा वित्त पोषित होते हैं, कुछ परिस्थितियों में कैंसर, या घुटने के दर्द जैसी विभिन्न बीमारियों के उपचार का वादा करके व्यक्तियों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं।

    याचिकाकर्ता ने प्रस्तुत किया कि वह इसे स्थापित करने वाले विभिन्न वीडियो पीठ को दे सकते हैं। याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन के विषय पर किसी भी कानून या दिशानिर्देशों की कमी के कारण, दिल्ली " धर्मांतरण माफिया के लिए एक सुरक्षित ठिकाना " बन गया है।

    पीठ ने हालांकि यह कहते हुए हस्तक्षेप किया कि लगाए गए अनुमानों को स्थापित करने के लिए, याचिकाकर्ता को आंकड़े और ऐसी अन्य सामग्री को रिकॉर्ड में रखना होगा। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा रिकॉर्ड में रखे गए दस्तावेजों में केवल अखबार की रिपोर्ट और विभिन्न अदालतों के समक्ष लंबित मामले शामिल हैं।

    पीठ ने कहा कि समाचार पत्रों के लेखों पर कोई संज्ञान नहीं लिया जा सकता क्योंकि ये तथ्यों का प्रतिनिधित्व नहीं करते और किसी अन्य सामग्री से समर्थित नहीं हैं। अदालत ने यह भी कहा कि हर विषय पर कानून बनाना अनिवार्य नहीं है। इसमें कहा गया है कि किसी विषय पर कानून बनाने के लिए एक समस्या मौजूद होनी चाहिए जिससे उस क्षेत्र में कानून बनाना आवश्यक हो।

    इस पर याचिकाकर्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भी इस बात पर सहमति जताई थी कि ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून बनाया जाना चाहिए।

    पीठ ने तब राय दी कि यदि विधायिका स्वयं समस्या को पहचानती है, तो उसे इसके संबंध में एक कानून बनाना चाहिए और इसके लिए न्यायालय से किसी निर्देश की आवश्यक नहीं है।

    कोर्ट ने कहा,

    "अगर सरकार इस मुद्दे के बारे में जागरूक है तो वह कानून बना सकती है। यह विधायिका के क्षेत्र में है ... अदालत सरकार को कानून बनाने का निर्देश नहीं दे सकती, यह केवल सिफारिश कर सकती है ... यदि आप चाहते हैं कि अदालत सिफारिश करे, आपको इसके लिए अपनी आशंका से आगे एक मामला बनाना होगा। क्या आप एक हलफनामा दाखिल करने की स्थिति में हैं कि आपने ऐसा कुछ देखा है ?"

    अदालत ने आगे कहा कि इस तथ्य के बारे में कोई विवाद नहीं कि अदालत विधायिका को आवश्यक होने पर कानून बनाने की सलाह दे सकती है।

    याचिकाकर्ता ने कहा कि ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन के संबंध में अदालतों के समक्ष कई मामले लंबित हैं। हालांकि, ऐसे सभी मामले आईपीसी की धारा 295 (पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाने या अपवित्र करने) के तहत दर्ज किए गए।

    इस पर अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता के पास सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करने और डेटा या आंकड़े पेश करने का विकल्प है, जिससे पता चले कि धारा 295 के तहत दायर कितने मामले आंतरिक रूप से ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन के मामले थे।

    याचिकाकर्ता ने दूसरे धर्म में धर्मांतरण/पुनर्परिवर्तन पर भारत के विधि आयोग की 2010 की रिपोर्ट का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट के अनुसार धर्म परिवर्तन के संबंध में कानून न बनने पर भी अनुशंसा को कार्यकारी आदेश के माध्यम से लागू किया जा सकता है।

    इसके अलावा, याचिकाकर्ता ने सरला मुद्गल बनाम भारत संघ के मामले का हवाला देते हुए कहा गया,

    " सरकार किसी भी व्यक्ति द्वारा धर्म के दुरूपयोग को रोकने के लिए धर्म परिवर्तन अधिनियम को तत्काल अधिनियमित करने के लिए एक समिति नियुक्त करने की व्यवहार्यता पर भी विचार कर सकती है। "

    यहां अदालत ने कहा कि सरला मुद्गल मामला धर्मांतरण के निषेध के संबंध में नहीं था और विधि आयोग की रिपोर्ट ने केवल सिफारिश की थी और राज्य को ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन पर कोई कानून बनाने का निर्देश नहीं दिया था। अदालत ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह अपने बयानों को साबित करने के लिए एक अतिरिक्त हलफनामा दाखिल कर प्रासंगिक सामग्री को रिकॉर्ड में लाए।

    मामला अब 31 अगस्त 2022 के लिए सूचीबद्ध है।

    केस टाइटल : अश्विनी कुमार उपाध्याय बनाम भारत संघ और अन्य।

    Next Story