इलाहाबाद हाईकोर्ट के कोर्टरूम में लगी आग, बड़ा हादसा टला
Amir Ahmad
22 May 2026 1:48 PM IST

प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट के कोर्टरूम नंबर 3 में शुक्रवार तड़के अचानक आग लग गई। घटना सुबह के शुरुआती घंटों में हुई, उस समय कोर्टरूम खाली था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब सुबह 9 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि कोर्टरूम में लगे एयर कंडीशनर में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
आग लगने से कोर्टरूम के भीतर कुछ सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद हाइकोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
Next Story

