सुप्रीम कोर्ट ने लाल किला विस्फोट मामले के आरोपी को जमानत देने से इनकार किया
Amir Ahmad
23 Nov 2026 5:06 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने आज (23 नवंबर) दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा जिसमें लाल किला विस्फोट मामले के आरोपी जासिर बिलाल वानी उर्फ दानिश को नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया गया।
बता दें, 10 नवंबर को लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की इस घटना में 15 लोगों की जान चली गई थी।
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने याचिका खारिज करने से पहले आरोपी की वकील, सीनियर एडवोकेट वारिशा फरासत की दलीलें सुनीं।
गौरतलब है कि आरोपी ने हाई कोर्ट में जमानत की मांग करते हुए कहा था कि गिरफ्तारी के 90 दिन पूरे होने के बाद वह डिफ़ॉल्ट बेल पाने का हकदार है।
उसकी ओर से दलील दी गई कि FIR भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (BNSS) लागू होने के बाद दर्ज की गई। चूंकि धारा 43D(2) में BNSS की धारा 187 का कोई जिक्र नहीं है, इसलिए CrPC (दंड प्रक्रिया संहिता) के प्रावधान लागू होने चाहिए। इस आधार पर हिरासत की अवधि को 90 दिन से बढ़ाकर 180 दिन करने का नियम यहां लागू नहीं होना चाहिए।
जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस विकास महाजन की डिवीजन बेंच ने 18 अगस्त के अपने आदेश में कहा कि भले ही CrPC अभी भी मौजूद है, लेकिन UAPA की धारा 43(D)(2) के संदर्भ में CrPC की धारा 167 को अब BNSS की धारा 187 के रूप में पढ़ा जाना चाहिए।
जनरल क्लॉज़ेज़ एक्ट 1897 की धारा 8 और लेजिस्लेशन बाय रेफरेंस के सिद्धांत को लागू करते हुए हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि धारा 43D(2) का पहला प्रावधान यहां लागू होगा, जिसके तहत हिरासत की अवधि को बढ़ाकर 180 दिन तक किया जा सकता है।

