उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर कल सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
Amir Ahmad
24 Nov 2026 2:00 PM IST

सुप्रीम कोर्ट 2020 के दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश के मामले में पूर्व JNU रिसर्चर उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर 25 नवंबर को सुनवाई करेगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में दोनों को जमानत देने से इनकार किया।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ बुधवार को उनकी अपीलों पर सुनवाई करेगी।
गौरतलब है कि 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की खंडपीठ ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार किया था। खंडपीठ ने उन्हें कथित बड़ी साजिश का वैचारिक सूत्रधार बताया था। हालांकि, खंडपीठ ने कथित साजिश में उनकी भूमिका को अन्य आरोपियों से अलग मानते हुए गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य आरोपियों को जमानत दी थी।
जमानत खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक साल तक दोबारा जमानत देने पर रोक लगाई। साथ ही कहा कि संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश पारित होने की तारीख से एक साल बीतने पर जो भी पहले हो उमर खालिद और शरजील इमाम अदालत का रुख कर सकते हैं।
वर्तमान अपील में दोनों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत पर लगाई गई एक साल की रोक जल्द समाप्त होने वाली है। उन्होंने यह भी दलील दी कि अभियोजन पक्ष द्वारा संरक्षित गवाहों की गवाही 5 जनवरी 2027 तक पूरी होना संभव नहीं है।
याचिकाकर्ताओं ने लंबे समय से जेल में रहने का हवाला देते हुए जमानत देने की मांग की।

