CJI सूर्यकांत बार के लिए पिता समान, उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे: SCBA अध्यक्ष प्रदीप राय
Amir Ahmad
19 Aug 2026 1:15 PM IST

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप राय ने बुधवार को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत को बार के लिए पिता समान बताया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी चीफ जस्टिस के मार्गदर्शन में काम करेगी और बार व बेंच के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करने पर ध्यान देगी।
यह बातचीत सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हुई। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने प्रदीप राय और नई कार्यकारिणी को जीत की बधाई दी। इसके जवाब में राय ने कहा कि नई टीम बार और बेंच के संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदीप राय ने कहा,
“आप बार के लिए पिता समान हैं। हम आपके मार्गदर्शन का पालन करेंगे। आप हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते हैं।”
इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि बार की आकांक्षाओं और जायज अपेक्षाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में बार के युवा सदस्यों के आगे आकर जिम्मेदारियां संभालने का भी स्वागत किया।
बातचीत के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि चीफ जस्टिस इतने उम्रदराज नहीं हैं कि उन्हें पिता समान कहा जाए। उन्होंने कहा कि चीफ जस्टिस तो हिंदू अविभाजित परिवार के कर्ता हैं।
इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने मुस्कुराते हुए कहा,
“हम सभी सहदायिक हैं।”
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम मंगलवार रात घोषित किए गए। प्रदीप राय अध्यक्ष चुने गए, जबकि सीनियर एडवोकेट राहुल कौशिक उपाध्यक्ष बने।
वकील प्रज्ञा बघेल को सचिव, मुनीष दुबे को संयुक्त सचिव और रीपक कंसल को कोषाध्यक्ष चुना गया।


