सुप्रीम कोर्ट के ये नौ जज 2023 में रिटायर होंगे

Sharafat

1 Jan 2023 10:02 AM GMT

  • सुप्रीम कोर्ट के ये नौ जज 2023 में रिटायर होंगे

    भारतीय न्यायपालिका ने लंबे समय से सभी स्तरों (सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और निचली अदालत) में कई पद खाली रहने के मुद्दे का सामना किया। कई लोगों का तर्क है कि अदालतों में न्यायाधीशों के पदों पर रिक्ति देरी और लंबित मामलों की बढ़ती संख्या का एक कारण है। अब तक सुप्रीम कोर्ट में जजों के 34 स्वीकृत पदों में से छह पद अब भी खाली हैं। सुप्रीम कोर्ट के नौ न्यायाधीश साल 2023 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

    नीचे उन न्यायाधीशों की सूची दी गई है जो 2023 में सेवानिवृत्त होंगे।

    1. जस्टिस एस अब्दुल नजीर : 04-01-2023

    जस्टिस एस अब्दुल नज़ीर 4 जनवरी, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उन्हें 17 फरवरी, 2017 को भारत के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था।

    जस्टिस नज़ीर उस संविधान पीठ में थे, जिसने केंद्र सरकार द्वारा छह साल पहले नोटबंदी करने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई की थी।

    2. जस्टिस दिनेश माहेश्वरी : 14-05-2023

    जस्टिस दिनेश माहेश्वरी ने 18 जनवरी, 2019 को भारत के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। वे 14 मई, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने से पहले जस्टिस माहेश्वरी मेघालय के हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे। वे बाद में कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे। उन्होंने ईडब्ल्यूएस कोटा मामले में बहुमत की राय दी और 103वें संविधान संशोधन आरक्षण को यह कहते हुए बरकरार रखा कि आर्थिक मानदंडों पर एकल रूप से संरचित आरक्षण संविधान के मूल ढांचे का उल्लंघन नहीं करता है।

    3. जस्टिस मुकेश कुमार रसिकभाई शाह : 15-05-2023

    जस्टिस दिनेश माहेश्वरी के रिटायरमेंट के ठीक एक दिन बाद 15 मई 2023 को जस्टिस एमआर शाह रिटायर होने वाले हैं। जस्टिस शाह को 2 नवंबर, 2018 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। इससे पहले वह पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे। जस्टिस शाह सुप्रीम कोर्ट की उस पीठ का हिस्सा रहे जिसने दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर जीएन साईंबाबा और पांच अन्य को माओवादियों से कथित संबंध मामले में आरोप मुक्त करने के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश को निलंबित कर दिया था।

    4. जस्टिस केएम जोसेफ: 16-06-2023

    जस्टिस केएम जोसेफ को 7 अगस्त, 2018 को सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत किया गया। वे 16 जून, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। जस्टिस जोसेफ ने संविधान पीठ की अध्यक्षता की, जिसने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र प्रणाली की मांग करने वाली याचिकाओं के बैच की सुनवाई की और तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में जलिकट्टू , कंबाला और बैलगाड़ी दौड़ की अनुमति देने वाले कानूनों की संवैधानिकता चुनौती देने वाली याचिकाओं पर भी सुनवाई की।

    5. जस्टिस अजय रस्तोगी : 17-06-2023

    जस्टिस अजय रस्तोगी जस्टिस जोसेफ के रिटायर होने के अगले दिन 17 जून, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। जस्टिस रस्तोगी को 2 नवंबर, 2018 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। इससे पहले, वह त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे और बाद में 14 अप्रैल, 2016 से 13 मई, 2016 तक राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहे। जस्टिस रस्तोगी उस पीठ में थे, जिसने बिलकिस बानो द्वारा दायर पुनर्विचार याचिका खारिज की थी।

    6. जस्टिस वी रामासुब्रमण्यन: 29-06-2023

    जस्टिस वी रामासुब्रमण्यन 29 जून 2023 को रिटायर होंगे। उनके साथ साथ जून 2023 में तीन जज रिटायरमेंट होंगे। जस्टिस रामासुब्रमण्यन को 23 सितंबर, 2019 को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इससे पहले, उन्होंने 22 जून, 2019 को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।

    जस्टिस रामासुब्रमण्यन उस संविधान पीठ का हिस्सा रहे, जिसने केंद्र सरकार के छह साल पहले नोटबंदी के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं के बैच की सुनवाई की थी।

    7. जस्टिस कृष्ण मुरारी : 08-07-2023

    जस्टिस कृष्ण मुरारी का भारत के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्यकाल 23 सितंबर, 2019 को शुरू हुआ। वे 8 जुलाई, 2023 को सेवानिवृत्त होंगे। जस्टिस कृष्ण मुरारी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने से पहले पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे।

    8. जस्टिस एस रवींद्र भट: 20-10-2023

    जस्टिस रवींद्र भट 20 अक्टूबर, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उन्हें 05 मई, 2019 को राजस्थान के हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और 23 सितंबर, 2019 को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। जस्टिस भट ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए 10% आरक्षण पेश करने वाले 103वें संविधान संशोधन को रद्द करने वाला निर्णय लिखा।

    9. जस्टिस संजय किशन कौल: 25-12-2023

    जस्टिस एसके कौल को 17 फरवरी, 2017 को भारत के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। वे 25 दिसंबर, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वह पहले पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे।

    जस्टिस कौल ने न्यायिक नियुक्तियों के लिए समय सीमा का उल्लंघन करने वाले केंद्र के खिलाफ एडवोकेट्स एसोसिएशन ऑफ बैंगलोर द्वारा दायर एक अवमानना ​​​​याचिका पर सुनवाई की।

    Next Story