किरेन रिजिजू को मिला कानून एवं न्याय मंत्रालय

LiveLaw News Network

7 July 2021 6:24 PM GMT

  • किरेन रिजिजू को मिला कानून एवं न्याय मंत्रालय

    कैबिनेट फेरबदल के बाद किरेन रिजिजू को नए केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने रविशंकर प्रसाद की जगह ली, जिन्होंने बुधवार को केंद्रीय कानून मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया।

    रिजिजू कैंपस लॉ सेंटर, फैकल्टी ऑफ लॉ, दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ ग्रेजुएट हैं और केंद्र सरकार में विधि एवं न्‍याय मंत्रालय (Ministry of Law and Justice) का ज़िम्मा संभालेंगे।

    पीएम मोदी ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय अपने पास रखा है, वहीं अमित शाह को गृह मंत्रालय के अलावा सहकारिता मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।

    अश्विनी वैष्णव आईटी और संचार और रेलवे मंत्री बनाए गए हैं। प्रो. एस. पी. सिंह बघेल कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। मनसुख मंडाविया केंद्रीय स्वास्थ्य और रसायन और उर्वरक मंत्री होंगे।

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी ज्योतिरादित्य सिंधिया को दी गई है, जबकि पीयूष गोयल को कपड़ा मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।हरदीप सिंह पुरी पेट्रोलियम मंत्रालय के प्रमुख होंगे।

    अनुराग ठाकुर को खेल, युवा मामले और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय दिया गया है, जबकि मीनाक्षी लेखी विदेश राज्य मंत्री होंगी।

    धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री बनाया गया है, वहीं गिरिराज सिंह ग्रामीण विकास मंत्रालय के प्रमुख होंगे।

    स्मृति ईरानी को महिला एवं बाल विकास मंत्री की ज़िम्मेदारी दी गई है, जबकि श्रम मंत्रालय का कार्यभार भूपेंद्र यादव को दिया गया है।

    पशुपति पारस को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय दिया गया है।

    राष्ट्रपति ने बुधवार को प्रकाश जावड़ेकर, डीवी सदानंद गौड़ा, थावरचंद गहलोत, रमेश पोखरियाल 'निशंक', डॉ हर्षवर्धन, संतोष के गंगवार, बाबुल सुप्रियो, धोत्रे एस शामराव, रतन लाल कटारिया सहित 11 अन्य केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए।

    Next Story