जस्टिस मदन बी लोकुर फिजी के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पुन: नियुक्त
LiveLaw News Network
12 Jan 2022 8:59 PM IST

भारत के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस मदन बी लोकुर को फिजी के सुप्रीम कोर्ट के अनिवासी पैनल के न्यायाधीश के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है।
जस्टिस लोकुर ने पहली बार अगस्त 2019 में फिजी के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी, यह पहला मौका था, जब किसी भारतीय न्यायाधीश को किसी अन्य देश के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया।
न्यायिक सेवा आयोग की सिफारिश और अटॉर्नी-जनरल के समर्थन पर कार्य करते हुए फिजी गणराज्य के राष्ट्रपति रतु विलीएम एम काटोनिवर ने 21 जनवरी 2022 से तीन (3) वर्षों की अवधि के लिए न्यायमूर्ति लोकुर को फिर से नियुक्त किया है। .
जस्टिस लोकुर की नियुक्ति फिजी गणराज्य के संविधान के अध्याय 5, भाग ए, धारा 106 (2) के अनुसरण में की गई है जिसमें कहा गया है कि "उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश, अपील के न्यायाधीश और उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राष्ट्रपति द्वारा न्यायिक सेवा आयोग की सिफारिश पर अटॉर्नी-जनरल के साथ परामर्श के बाद नियुक्त किया जाता है।"
न्यायमूर्ति लोकुर 4 जून, 2012 को भारत के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बने और 31 दिसंबर 2018 तक वे पद पर रहे। वह सर्वोच्च न्यायालय में पदोन्नत होने से पहले गुवाहाटी हाईकोर्ट और आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे।

