जजों और केंद्रीय कानून मंत्री के लंदन बैडमिंटन टूर्नामेंट में शामिल होने की फर्जी खबर पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई

Amir Ahmad

19 Jun 2026 12:42 PM IST

  • जजों और केंद्रीय कानून मंत्री के लंदन बैडमिंटन टूर्नामेंट में शामिल होने की फर्जी खबर पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई

    जजों और केंद्रीय क़ानून मंत्री के लंदन में आयोजित कथित बैडमिंटन टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से भाग लेने संबंधी फर्जी खबरों के प्रसार को लेकर दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को तत्काल सुनवाई के लिए सहमति दी।

    यह याचिका भारतीय बैडमिंटन संघ की ओर से दायर की गई। संघ के वकील ने मामले का उल्लेख जस्टिस तेजस करिया के समक्ष करते हुए शीघ्र सुनवाई की मांग की।

    याचिका की अग्रिम प्रति प्राप्त होने के बाद सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी मामले की तत्काल सुनवाई का समर्थन किया। उन्होंने अदालत को बताया कि इस संबंध में फर्जी खबरें लगातार प्रसारित की जा रही हैं।

    तुषार मेहता ने कहा,

    "एक फर्जी खबर प्रसारित की जा रही है। इसकी तथ्य-जांच हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद इसे फैलाया जा रहा है। इससे अदालत की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है।"

    उन्होंने आगे कहा कि फर्जी समाचार अभी भी प्रसारित हो रहा है और मामले को आज ही सूचीबद्ध किया जाना चाहिए।

    पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि याचिका में तकनीकी खामियां दोपहर 2:30 बजे तक दूर किए जाने की शर्त पर मामले को आज ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।

    गौरतलब है कि इसी महीने कुछ सोशल मीडिया खातों और यूट्यूब चैनलों पर यह दावा किया गया कि 7 जून को लंदन में आयोजित एक बैडमिंटन प्रतियोगिता में केंद्रीय विधि मंत्री और 75 जजों ने भाग लिया था।

    इसके बाद विधि मंत्रालय ने इस दावे को फर्जी करार देते हुए स्पष्ट किया कि संबंधित तारीख को केंद्रीय विधि मंत्री भारत में मौजूद थे। मंत्रालय ने यह भी कहा था कि पिछले वर्ष दिल्ली में आयोजित एक बैडमिंटन प्रतियोगिता की पुरानी तस्वीरों का इस्तेमाल कर भ्रामक खबरें फैलाई गईं।

    अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के समक्ष सुनवाई होने जा रही है, जहां फर्जी खबरों के प्रसार और उससे न्यायपालिका की छवि पर पड़ने वाले प्रभाव से जुड़े मुद्दों पर विचार किया जाएगा।

    Next Story