BREAKING| तीस हजारी कोर्ट में जज के सामने वकील पर हमला: CJI ने दिया कार्रवाई का भरोसा, बोले- गुंडा राज बर्दाश्त नहीं

Amir Ahmad

9 Feb 2026 1:20 PM IST

  • BREAKING| तीस हजारी कोर्ट में जज के सामने वकील पर हमला: CJI ने दिया कार्रवाई का भरोसा, बोले- गुंडा राज बर्दाश्त नहीं

    दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) के समक्ष यह आरोप लगाया कि पिछले शनिवार को कोर्ट रूम के भीतर जज की मौजूदगी में उस पर और एक आरोपी पर कथित तौर पर गुंडों ने हमला किया।

    वकील ने बताया कि वह एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज हरजीत सिंह पाल की अदालत में एक आरोपी की ओर से पेश हो रहा था। उसी दौरान शिकायतकर्ता के वकील के साथ कई लोग अदालत कक्ष में घुस आए और जज के सामने ही मारपीट शुरू कर दी।

    वकील के अनुसार हमलावरों ने कोर्ट रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और खुलेआम हिंसा की।

    इस मामले का मौखिक उल्लेख किए जाने पर सीजेआई सूर्यकांत ने सवाल उठाया कि लिखित शिकायत के बजाय सीधे उनके समक्ष मौखिक उल्लेख क्यों किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा,

    “क्या आपने यह बात दिल्ली हाइकोर्ट के माननीय चीफ जस्टिस के संज्ञान में लाई, आप वहां क्यों नहीं गए? आप मेरे सामने इसलिए उल्लेख करना चाहते हैं ताकि मीडिया इस पर ध्यान दे?”

    इस पर वकील ने कहा कि पुलिस कार्रवाई करने से डर रही है और वह सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन का सदस्य होने के नाते यह मामला उठा रहा है।

    सीजेआई सूर्यकांत ने वकील को निर्देश दिया कि वह इस पूरे मामले की लिखित शिकायत दिल्ली हाइकोर्ट के मुख्य जस्टिस को दे और उसकी एक प्रति उन्हें भी भेजे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला न्यायिक नहीं बल्कि प्रशासनिक स्तर पर निपटाया जाएगा।

    सीजेआई ने कड़े शब्दों में कहा,

    “मैं इसे प्रशासनिक तौर पर देखूंगा। न्यायिक पक्ष पर अभी कुछ नहीं किया जाएगा। पहले आप शिकायत दर्ज कराएं और दिल्ली हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस को संज्ञान लेने दें। वे ऐसा कैसे कर सकते हैं। इस तरह का गुंडा राज हमें कतई मंजूर नहीं है।”

    इस टिप्पणी के बाद यह मामला न्यायपालिका की सुरक्षा अदालतों की गरिमा और वकीलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि दिल्ली हाइकोर्ट प्रशासन इस घटना पर क्या कार्रवाई करता है।

    Next Story