रजिस्ट्री खुद को 'सुपर चीफ जस्टिस' समझती है: सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री पर CJI सूर्यकांत की सख्त टिप्पणी

Amir Ahmad

4 May 2026 1:11 PM IST

  • रजिस्ट्री खुद को सुपर चीफ जस्टिस समझती है: सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री पर CJI सूर्यकांत की सख्त टिप्पणी

    चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री के कामकाज पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए तीखी टिप्पणी की कि बहुत खराब रजिस्ट्री है। ये खुद को सुपर चीफ जस्टिस समझते हैं।”

    अदालत ने रजिस्ट्री की कार्यप्रणाली में गंभीर चूक पर तथ्यात्मक जांच के आदेश दिए।

    चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की खंडपीठ एक मामले की सुनवाई कर रही थी, जिसमें अदालत ने पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) को नोटिस जारी करने का स्पष्ट निर्देश दिया।

    सुनवाई के दौरान पीठ ने पाया कि रजिस्ट्री द्वारा तैयार कार्यालय रिपोर्ट में कहा गया कि ED को नोटिस जारी करने का कोई निर्देश नहीं था जबकि न्यायालय के आदेश में स्पष्ट रूप से ऐसा निर्देश दर्ज था।

    इस विसंगति पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए खंडपीठ ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताया और कहा कि न्यायिक आदेश के बावजूद नोटिस जारी न होना चिंताजनक है।

    अदालत ने रजिस्ट्रार (न्यायिक) को निर्देश दिया कि वह पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच करें और बताएं कि न्यायालय के आदेश के बावजूद रजिस्ट्री के अभिलेखों में निर्देश क्यों प्रतिबिंबित नहीं हुआ तथा ED को नोटिस क्यों जारी नहीं किया गया?

    गौरतलब है कि इससे पहले भी चीफ जस्टिस सूर्यकांत रजिस्ट्री के कामकाज पर असंतोष जता चुके हैं और उसकी कार्यप्रणाली की “गहन जांच” की आवश्यकता बता चुके हैं, जब समान प्रकृति के मामलों की अलग-अलग पीठों के समक्ष सूचीबद्धता पर सवाल उठे थे।

    Next Story