फाल्टा पुनर्मतदान से पहले तृणमूल प्रत्याशी जहांगीर खान पहुंचे हाईकोर्ट, दर्ज मामलों की जानकारी और संरक्षण की मांग
Amir Ahmad
18 May 2026 12:16 PM IST

पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी जहांगीर खान ने सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज सभी FIR की जानकारी देने और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी कठोर कार्रवाई से संरक्षण देने की मांग की।
पूर्व एडवोकेट जनरल और सीनियर एडवोकेट किशोर दत्ता ने अदालत में मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उनके मुवक्किल को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और हर दिन उनके खिलाफ नए आपराधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
दत्ता ने अदालत को बताया कि जहांगीर खान के खिलाफ एक मामला वर्ष 2017 का है, जबकि कई अन्य मामले बाद के वर्षों में दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि एक प्रत्याशी होने के नाते खान को यह जानने का अधिकार है कि उनके खिलाफ कितनी FIR दर्ज हैं।
जब पीठ ने पूछा कि याचिका में क्या राहत मांगी गई, तब दत्ता ने कहा,
“मैं चाहता हूं कि मेरे मुवक्किल के खिलाफ दर्ज FIR की जानकारी हमें दी जाए और चूंकि वह चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए मतदान समाप्त होने तक उन्हें किसी भी कठोर कार्रवाई से संरक्षण दिया जाए।”
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कोई उपस्थित नहीं है।
इस पर दत्ता ने गृह सचिव को याचिका की प्रति देने की अनुमति मांगी और कहा,
“मैं बिना किसी राहत के नहीं रह सकता।”
शुरुआत में पीठ ने मामले को मंगलवार को सुनने का सुझाव दिया, लेकिन दत्ता ने कहा कि चुनाव प्रचार पर 48 घंटे की रोक लागू होने वाली है और ऐसे में तत्काल सुनवाई जरूरी है। उन्होंने अदालत से कहा कि यदि अंतरिम संरक्षण मिल जाता है तो उनका मुवक्किल कम से कम एक दिन के लिए क्षेत्र में जाकर प्रचार कर सकेगा।
दत्ता ने अदालत में कहा,
“21 मई को फाल्टा में पुनर्मतदान होना है। मेरे मुवक्किल चुनाव लड़ रहे हैं। मुझे दोबारा उल्लेख करने की अनुमति दी जाए।”
इसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट की पीठ ने मामले को प्रस्तुत करने की अनुमति दी।

