धुरंधर पटकथा विवाद: संतोष कुमार ने बॉम्बे हाईकोर्ट को दिया आश्वासन, आदित्य धर के खिलाफ मानहानिकारक बयान नहीं देंगे
Amir Ahmad
30 April 2026 1:23 PM IST

फिल्म धुरंधर की कथित पटकथा नकल विवाद में फिल्मकार संतोष कुमार ने बॉम्बे हाईकोर्ट को आश्वासन दिया कि वह निर्देशक आदित्य धर के खिलाफ भविष्य में कोई मानहानिकारक बयान नहीं देंगे।
जस्टिस आरिफ डॉक्टर के समक्ष सुनवाई के दौरान संतोष कुमार की ओर से पेश अधिवक्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल आदित्य धर के विरुद्ध उपलब्ध विधिक उपाय अपनाएंगे, लेकिन मीडिया में अब कोई अपमानजनक या मानहानिकारक टिप्पणी नहीं करेंगे।
संतोष कुमार का दावा है कि फिल्म धुरंधर की पटकथा उनकी मूल रचना डी साहेबद की नकल है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में मीडिया से बातचीत में कहा था कि फिल्म की स्क्रिप्ट मूलतः उनकी कहानी की कॉपी है।
इस पर अदालत ने 8 अप्रैल को अंतरिम आदेश पारित कर उन्हें आदित्य धर के विरुद्ध मानहानिकारक टिप्पणियां करने से रोका था।
सुनवाई के दौरान संतोष कुमार के वकील ने अदालत से यह दर्ज करने का अनुरोध किया कि पूर्व में दिए गए बयान व्यक्तिगत रूप से आदित्य धर के खिलाफ नहीं थे।
हालांकि अदालत ने यह स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा कि केवल भविष्य के आचरण संबंधी आश्वासन ही रिकॉर्ड पर लिया जाएगा।
अदालत ने कहा,
“मैं केवल यह दर्ज करूंगा कि आगे से आप कोई मानहानिकारक बयान नहीं देंगे।”
आदित्य धर की ओर से सीनियर एडवोकेट डॉ. बिरेन्द्र सराफ ने अदालत से आग्रह किया कि संतोष कुमार को पूर्व सार्वजनिक बयानों के लिए माफी मांगने का निर्देश दिया जाए।
उन्होंने कहा,
“कम से कम उन्हें माफी मांगनी चाहिए… किसी को सार्वजनिक रूप से चोर कहना उचित नहीं है।”
हालांकि संतोष कुमार के वकील ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल अब भी इस दावे पर कायम हैं कि 'धुरंधर' की पटकथा उनकी मूल रचना से ली गई, इसलिए इस स्तर पर माफी का प्रश्न नहीं उठता।
अदालत ने संतोष कुमार के आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए अंतरिम आवेदन का निस्तारण कर दिया और आदेश दिया कि वह भविष्य में आदित्य धर के विरुद्ध कोई मानहानिकारक बयान नहीं देंगे।

