कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चीफ प्रवक्ता सौरव दास ने एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यूनाइटेड किंगडम जाने से रोके जाने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

दास के वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव साम्ब्रे और जस्टिस संजय शर्मा की खंडपीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया।

अदालत ने कहा कि इस मामले को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।

यह याचिका वकील कृष्णेश बापट के माध्यम से दायर की गई। सीनियर एडवोकेट अखिल सिबल, सौरव दास की ओर से पैरवी करेंगे।

खबरों के अनुसार दास को इसलिए रोका गया, क्योंकि उनके पासपोर्ट में जन्म स्थान गलत दर्ज है।

दास को 1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक कार्यक्रम के लिए UK जाना था। दास के मुताबिक उन्हें वहां कॉकरोच मूवमेंट के बारे में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार दास ने कथित तौर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय चेन्नई द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। यह नोटिस उनके पासपोर्ट और अन्य पहचान दस्तावेजों में पाई गई विसंगतियों के संबंध में जारी किया गया।

गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को मद्रास हाईकोर्ट ने दास की पृष्ठभूमि की जांच की मांग करने वाली एक याचिका पर नोटिस जारी किया।

मद्रास हाईकोर्ट में दायर इस याचिका में संबंधित व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की मांग की गई। साथ ही सौरव दास का पासपोर्ट और आधार कार्ड रद्द करके उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।

याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि दास भारतीय नागरिक हैं, इसलिए उन्हें सरकार और न्यायपालिका के बारे में व्याख्यान देने का अधिकार नहीं है।


Tags: