NEET पुनर्परीक्षा से पहले बड़ा कदम: 22 जून तक टेलीग्राम पर रोक, पेपर लीक गिरोहों पर केंद्र का शिकंजा

Update: 2026-06-16 13:35 GMT

NEET (ग्रेजुएट) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए देश में मैसेज सर्विस प्लेटफॉर्म टेलीग्राम तक पहुंच पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया। यह पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है।

यह निर्णय राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की सिफारिशों के बाद लिया गया। NTA ने मंगलवार को जारी बयान में केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत किया।

सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (IT Act) की धारा 69ए के तहत टेलीग्राम प्लेटफॉर्म तक भारत में पहुंच को 22 जून 2026 तक सीमित किया गया। यह प्रतिबंध पुनर्परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद की अवधि को ध्यान में रखते हुए लगाया गया।

इसके अलावा, टेलीग्राम को 30 जून 2026 तक भारत में पहले से प्रकाशित मैसेज में एडिटिंग की सुविधा निष्क्रिय करने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों का मानना है कि इसी सुविधा का उपयोग करके राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के फर्जी सबूत तैयार किए जाते रहे हैं।

NTA ने कहा कि ये दोनों कदम सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ठगी से बचाने के उद्देश्य से उठाए गए। एजेंसी के अनुसार कई संगठित नकल गिरोह टेलीग्राम के माध्यम से अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को निशाना बना रहे थे।

एनटीए ने बताया कि टेलीग्राम पर पेपर लीक्ड NEET,

“RE-NEET 2026”, “प्राइवेट माफिया” और “री नीट माफिया” जैसे नामों से कई चैनल खुलेआम संचालित हो रहे हैं। इन चैनलों पर पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की मांग की जा रही थी।

एजेंसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा श्रृंखला के बाहर किसी के पास भी प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं है और ऐसे किसी भी दावे पर विश्वास करना धोखाधड़ी का शिकार होना है।

NTA ने अपने बयान में कहा,

“आज जारी किए गए निर्देश अंतिम विकल्प के तौर पर अपनाए गए। इससे पहले विभिन्न स्तरों पर सामग्री हटाने सहित कई उपाय किए गए, लेकिन परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपेक्षित परिणाम नहीं मिले।”

एजेंसी के अनुसार, सरकार ने न्यूनतम आवश्यक प्रतिबंध के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए सीमित अवधि के लिए टेलीग्राम तक पहुंच पर रोक लगाई ताकि पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।

NEET (स्नातक) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी, जबकि टेलीग्राम पर लगाया गया प्रतिबंध 22 जून तक प्रभावी रहेगा।

Tags:    

Similar News