ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं: मेघालय हनीमून हत्याकांड में जमानत का विरोध करते हुए सॉलिसिटर जनरल ने केतन अग्रवाल मामले का किया जिक्र
मेघालय के चर्चित हनीमून हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ राज्य सरकार की याचिका पर सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष हाल ही में सामने आए केतन अग्रवाल मौत मामले का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और यह बेहद चिंता का विषय है।
सुप्रीम कोर्ट में मेघालय सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि राजा रघुवंशी हत्याकांड के तथ्य अदालत की अंतरात्मा को झकझोर देने वाले हैं और यह मामला वास्तव में बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने हाल ही में लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
इस पर जस्टिस एम. एम. सुंद्रेश ने कहा कि इस तरह के मामलों पर समाज के विभिन्न पक्षों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।
उन्होंने सॉलिसिटर जनरल का ध्यान बेंगलुरु के एक चर्चित मामले में सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले की ओर भी दिलाया, हालांकि उस पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
सॉलिसिटर जनरल ने जब कहा कि ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं तो जस्टिस सुंद्रेश ने केवल इतना कहा,
"हम इस पर कुछ नहीं कहना चाहते।"
जस्टिस एम. एम. सुंद्रेश और जस्टिस शील नागू की अवकाशकालीन पीठ मेघालय सरकार की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें सोनम रघुवंशी को जमानत देने के हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसे हाईकोर्ट के आदेश को लेकर कुछ आपत्तियां हैं लेकिन वह फिलहाल जमानत पर रोक नहीं लगाएगा, क्योंकि आदेश पहले ही लागू हो चुका है।
सुनवाई के दौरान जस्टिस सुंद्रेश ने कहा कि हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी के आधारों में दर्ज एक कानूनी धारा से जुड़ी त्रुटि के आधार पर जमानत दी थी। ऐसे में यह विचारणीय प्रश्न है कि उस त्रुटि को चुनौती किस चरण में दी जा सकती है और यदि त्रुटि थी तो जांच एजेंसियों को बाद में आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने से किस बात ने रोका।
क्या है राजा रघुवंशी हत्याकांड
राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी का विवाह 12 मई 2025 को हुआ था। विवाह के बाद दोनों हनीमून मनाने मेघालय गए। 23 मई को दोनों नोंग्रियाट स्थित एक होमस्टे से निकलने के बाद लापता हो गए।
कुछ दिन बाद उनकी किराये की स्कूटर सोहरारिम के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद 2 जून को, करीब दस दिन बाद राजा रघुवंशी का शव पूर्वी खासी हिल्स जिले में वेसावडोंग जलप्रपात के पास एक गहरी खाई से बरामद हुआ।
सोनम रघुवंशी 8 जून तक लापता रही। बाद में वह वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर एक ढाबे के पास मिली। जांच के दौरान मेघालय पुलिस ने सोनम रघुवंशी और 21 वर्षीय राज कुशवाहा को हत्या का मुख्य आरोपी बताया।
पुलिस का दावा है कि सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा ने मिलकर पहले से योजना बनाकर राजा रघुवंशी की हत्या कराई।
मामले में पुलिस 700 से अधिक पन्नों की आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।
केतन अग्रवाल मौत मामला
18 जून को 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले के पास लगभग 350 फुट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में हत्या और आपराधिक साजिश की आशंका सामने आई।
जांच एजेंसियों के अनुसार इस मामले में केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की भूमिका सामने आई। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।