भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी की जीत को ममता बनर्जी ने दी चुनौती: हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्वाचन को चुनौती देते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया। इस संबंध में मंगलवार को चुनाव याचिका दायर की गई। ममता बनर्जी स्वयं हाइकोर्ट परिसर पहुंचीं और याचिका दाखिल की।
यह विवाद 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से जुड़ा है, जिसमें शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी। भवानीपुर को लंबे समय से ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है।
घोषित परिणामों के अनुसार शुभेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट प्राप्त हुए। इस तरह अधिकारी ने 15,105 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
ममता बनर्जी ने चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मतदान अभिकर्ताओं को मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई।
हाईकोर्ट में दायर चुनाव याचिका में भवानीपुर सीट के परिणाम की न्यायिक जांच की मांग की गई। चुनाव नतीजे के खिलाफ यह ममता बनर्जी की पहली औपचारिक कानूनी चुनौती है।
हाईकोर्ट अब इस याचिका पर सुनवाई कर यह तय करेगा कि भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को लेकर उठाए गए आरोपों में आगे जांच और न्यायिक परीक्षण की आवश्यकता है या नहीं।