शादी का झांसा देकर दो महिलाओं को घर से ले जाने का आरोप, मानव तस्करी के पहलू पर UP STF जांच करेगी: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक ही व्यक्ति पर दो अलग-अलग महिलाओं को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को दोनों मामलों की नए सिरे से जांच करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने STF के महानिदेशक को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम गठित करने और विशेष रूप से महिला तस्करी के पहलू की जांच कराने को कहा।
जस्टिस राजीव सिंह की पीठ एक महिला की उस अर्जी पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उसने चेतन आनंद के खिलाफ चल रहे वैवाहिक मामले को हाईकोर्ट के मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र में स्थानांतरित करने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने दोनों महिलाओं को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने से जुड़े दो अलग-अलग मामलों की जानकारी आई।
कोर्ट ने बताया कि याचिकाकर्ता महिला के पिता ने FIR दर्ज कर आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने भाई और एक दोस्त के साथ मिलकर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया। इसके बाद याचिकाकर्ता और आरोपी ने 6 नवंबर 2024 को लखनऊ के एक आर्य समाज मंदिर में कथित तौर पर शादी कर ली थी।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 87 (महिला को विवाह के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से अपहरण या बहलाना-फुसलाना), धारा 142 (अपहृत व्यक्ति को गलत तरीके से छिपाना या बंधक बनाकर रखना), धारा 352 (शांति भंग कराने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज की गई।
शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया कि महिला अपने साथ गहने, जिनमें उसकी मां के गहने भी शामिल थे, और एक दुकान बेचने से मिली करीब 3 लाख रुपये की रकम लेकर गई।
हाईकोर्ट का ध्यान जून 2026 में दर्ज एक दूसरी FIR की ओर भी दिलाया गया। यह मामला 21 वर्षीय महिला के पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ। शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी की आरोपी से फेसबुक के जरिए जान-पहचान हुई। आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और 26 जून 2026 को घर से अपने साथ ले गया।
इस तरह दोनों FIR दो अलग-अलग महिलाओं के पिता की शिकायतों पर दर्ज हुई थीं। दोनों ने आरोप लगाया कि चेतन आनंद उनकी बेटियों को शादी का भरोसा देकर घर से ले गया। दूसरी शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने याचिकाकर्ता महिला के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया।
सुनवाई के दौरान चेतन आनंद ने कोर्ट को बताया कि पुलिस दोनों मामलों में फाइनल रिपोर्ट दाखिल कर चुकी है। उसके अनुसार दूसरी FIR में फाइनल रिपोर्ट दाखिल की गई, जबकि याचिकाकर्ता के पिता की ओर से दर्ज मामले में महिला के बयान के आधार पर अंतिम रिपोर्ट पेश की गई।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी से उसकी शैक्षणिक योग्यता के बारे में भी सवाल किए। चेतन आनंद ने बताया कि उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई जौनपुर से की है और फिलहाल BCA कर रहा है।
कॉलेज के बारे में पूछे जाने पर उसने बताया कि इंटरमीडिएट की परीक्षा निजी परीक्षार्थी के रूप में दी थी, लेकिन वह कॉलेज का नाम नहीं बता सका। बाद में उसने अपना जवाब बदलते हुए कहा कि उसने सिक्किम बोर्ड से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से इंटरमीडिएट किया। कोर्ट ने यह भी दर्ज किया कि वह उस विश्वविद्यालय का विवरण नहीं बता पाया, जहां से BCA करने का दावा कर रहा था।
इन परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने अर्जी का निपटारा करते हुए STF महानिदेशक को जिम्मेदार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम गठित करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि दोनों FIR की आगे जांच की जाए और विशेष रूप से महिला तस्करी के पहलू को ध्यान में रखा जाए।
हाईकोर्ट ने मामले को 25 नवंबर को दोबारा सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। उस दिन STF के जिम्मेदार अधिकारी को अनुपालन का हलफनामा दाखिल करना होगा, जिसके साथ जांच रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी।