PC Act के तहत दूरसंचार विभाग के अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने के लिए राज्य मंत्री सक्षम: इलाहाबाद हाईकोर्ट
Amir Ahmad
26 Nov 2026 1:42 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (MoS) को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दूरसंचार विभाग के किसी अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने का अधिकार है।
अदालत ने कहा कि किसी व्यक्तिगत अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देना 'सेवा और अनुशासनात्मक मामलों' के दायरे में आता है, न कि 'नीतिगत मामलों' के।
जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में अपने खिलाफ दी गई अभियोजन मंजूरी की वैधता को चुनौती देने वाले परमात्मा राय की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज की।
अदालत ने कहा कि चूंकि राज्य मंत्री के पास याचिकाकर्ता को सेवा से हटाने का अधिकार था, इसलिए वह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 19(1)(c) के तहत उसके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने या इससे इनकार करने के लिए भी सक्षम है।
मामला जनवरी 2025 में लखनऊ स्थित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के स्पेशल जज (CBI) द्वारा पारित आदेश के खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका से जुड़ा था। स्पेशल कोर्ट ने अभियोजन मंजूरी की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाकर्ता की अर्जी खारिज की थी।
CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(e) और IPC की धारा 109 के तहत FIR दर्ज की थी। अभियोजन मंजूरी के आदेश में दर्ज था कि याचिकाकर्ता ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 62,00,843.70 रुपये अधिक मूल्य की संपत्तियां कथित तौर पर अर्जित की है।
अभियोजन मंजूरी का औपचारिक आदेश दूरसंचार विभाग के निदेशक सर्वेश सिंह ने भारत के राष्ट्रपति की ओर से जारी किया। अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में दर्ज अपने बयान में निदेशक ने बताया कि उन्होंने संबंधित दस्तावेज मंत्री को भेजे थे और मंत्री ने फाइल पर याचिकाकर्ता के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी थी। इसके बाद फाइल निदेशक के कार्यालय में वापस आई, जिसके आधार पर उन्होंने मंजूरी का औपचारिक आदेश जारी किया।
हाईकोर्ट में याचिकाकर्ता ने भारत सरकार के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा 31 मई 2004 को जारी कार्यालय आदेश पर भरोसा किया।
उसने दलील दी कि इस आदेश के खंड 2 के तहत अनुशासनात्मक और सतर्कता मामलों सहित सभी नीतिगत मामलों को राज्य मंत्री के माध्यम से संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के समक्ष प्रस्तुत करना जरूरी है। उसके अनुसार, अभियोजन मंजूरी भी इसी श्रेणी में आती है और राज्य मंत्री स्वतंत्र रूप से ऐसा निर्णय नहीं ले सकते।
दूसरी ओर, CBI ने कार्यालय आदेश के खंड 1(ii) पर भरोसा किया। इसके तहत संयुक्त प्रशासनिक ग्रेड (JAG) स्तर तक के अधिकारियों की नियुक्ति सहित सभी सेवा और अनुशासनात्मक मामलों का निर्णय राज्य मंत्री के स्तर पर किया जाना था। यह व्यवस्था संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के समग्र पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन के अधीन थी।
CBI ने दलील दी कि किसी अधिकारी को सेवा से हटाना 'सभी सेवा और अनुशासनात्मक मामलों' के दायरे में आता है। इसलिए ऐसे मामलों का निर्णय लेने के लिए सक्षम राज्य मंत्री अभियोजन की मंजूरी भी दे सकते थे।
CBI की दलील स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 19(1)(c) के तहत किसी लोक सेवक के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी वही प्राधिकारी दे सकता है, जो उसे पद से हटाने के लिए सक्षम हो।
अदालत ने कहा कि किसी लोक सेवक को सेवा से हटाने का अधिकार 31 मई 2004 के कार्यालय आदेश के खंड 1(ii) में उल्लिखित 'सभी सेवा और अनुशासनात्मक मामलों' के अंतर्गत आता है। इस खंड के तहत ऐसे मामलों का अधिकार राज्य मंत्री को सौंपा गया।
पीठ ने कार्यालय आदेश के खंड 1(ii) और खंड 2 के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि JAG स्तर तक के अधिकारियों से जुड़े सेवा और अनुशासनात्मक मामलों का निपटारा राज्य मंत्री के स्तर पर होना था। वहीं, सेवा और अनुशासन से जुड़े नीतिगत मामलों का निर्णय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री को करना था।
अदालत ने कहा कि किसी व्यक्तिगत अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देना या उससे इनकार करना अनुशासनात्मक और सतर्कता मामलों से जुड़ा नीतिगत निर्णय नहीं है। यह संबंधित अधिकारी की सेवा और अनुशासनात्मक कार्रवाई से जुड़ा मामला है, जो कार्यालय आदेश के खंड 1(ii) के दायरे में आता है।
पीठ ने कहा,
"जब राज्य मंत्री के पास याचिकाकर्ता को सेवा से हटाने का अधिकार है तो निश्चित रूप से उनके पास उसके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने या इससे इनकार करने का अधिकार भी होगा।"
इस आधार पर हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता की उस दलील को खारिज कर दिया कि राज्य मंत्री अभियोजन की मंजूरी देने के लिए सक्षम नहीं है।
अदालत ने कहा कि विशेष अदालत ने मंजूरी देने वाले प्राधिकारी के अधिकार को लेकर याचिकाकर्ता की चुनौती खारिज करने में कोई त्रुटि या अवैधता नहीं की। इसके साथ ही आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज की गई।

